कंप्यूटर शिक्षक मुकेश यादव की संदिग्ध हालात में मौत, सड़क किनारे मिली शव

360°


रिपोर्ट – अशोक अनन्त
चतरा : मंगलवार की सुबह हाई स्कूल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-22 के किनारे झाड़ियों के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सुबह टहलने व अन्य कार्य से निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों, परिजनों और राहगीरों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। मृतक की पहचान घंघरी गांव निवासी मुकेश यादव (38 वर्ष), पिता-स्वर्गीय महाबीर यादव के रूप में हुई है। वह प्रतापपुर हाई स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि सोमवार की शाम लगभग सात से आठ बजे के बीच मुकेश यादव अपनी मोटरसाइकिल से दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने संभावित स्थानों पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार की सुबह सड़क किनारे झाड़ियों के पास उनका शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मुकेश यादव की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष, वैज्ञानिक एवं गहन जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते मामले की गंभीरता से जांच नहीं हुई तो दोषी कानून के शिकंजे से बच सकते हैं।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा-डोभी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें हुई है आवागमन पूरी तरह बाधित है। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के आश्रित परिवार को समुचित मुआवजा, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बीडीओ निखिल गौरव, पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, वशिष्ठ नगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह सहित पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया गया है। प्रशासन ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए आवश्यकता पड़ने पर डॉग स्क्वॉड की भी सहायता लेने की बात कही है। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण शुरू कर दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों तथा अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना तथा अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।वहीं पूरे घंघरी गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का शीघ्र उद्भेदन कर दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। घटना की सूचना मिलते ही राजद युवा प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश कुमार यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष देवलाल यादव सहित कई जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Spread the love