दुर्घटना में पति-पत्नी हुए घायल

360° Ek Sandesh Live Road Accident

अजय राज
प्रतापपुर/चतरा: थाना क्षेत्र में पुलिस के द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान तथा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद भी लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं और सड़क दुर्घटना के शिकार हो जा रहे हैं। ताजा मामला प्रतापपुर हंटरगंज मार्ग का है। बुधवार को गेरुआ गांव से आगे सड़क हादसे में पति-पत्नी घायल हो गए। घायलों की पहचान बेला गांव निवासी जितेंद्र कुमार एवं उनकी पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दंपति इमामगंज से इलाज कराकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से एक युवक कानों में ईयरफोन लगाए दोनों हाथ छोड़कर मोटरसाइकिल पर स्टंट करता हुआ आ रहा था और उसने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इस हादसे में जितेंद्र कुमार का पैर फ्रैक्चर हो गया जबकि संगीता देवी के माथे पर गंभीर चोट लगी और लगातार खून बह रहा था साथ हीं उनका हाथ छिल गया।

दुर्घटना के बाद वह युवक अपना बाइक तेज गति से भगाता हुआ मौके से निकल गया। इस बीच स्थानीय ग्रामीण सिंटू सिंह ने प्रतापपुर चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर संजीव कुमार एवं थाना प्रभारी कासिम अंसारी को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद एंबुलेंस से दोनों घायल दंपति को प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया गया। इलाज करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि घायल जितेंद्र कुमार को प्राथमिक उपचार कर उसे तत्काल सदर अस्पताल चतरा रेफर कर दिया गया है वहीं उसकी पत्नी के माथे में स्टिच लगाकर छुट्टी दे दी गई है।

Spread the love