एक दिन, एक घंटा, एक साथ अभियान के तहत चला विशेष स्वच्छता अभियान

360° Ek Sandesh Live



लातेहार: स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत 01 अक्टूबर 2026 को“एक दिन , एक घंटा , एक साथ” की भावना के साथ लातेहार जिले में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। प्रातः 08:00 बजे से 09:00 बजे तक आयोजित इस विशेष अभियान का नेतृत्व उपायुक्त  संदीप कुमार ने किया। मुख्यालय में लातेहार समाहरणालय परिसर एवं जिला खेल स्टेडियम में विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों , पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल लातेहार के कार्यपालक अभियंता दीपक कुमार महतो , नगर पंचायत लातेहार के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष , नगर पंचायत के पदाधिकारी व कर्मी , सीजीएलएम , जल सहिया दीदियों तथा अन्य स्वच्छता कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान समाहरणालय परिसर , जिला खेल स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्रों में सामूहिक रूप से साफ-सफाई की गई। प्रतिभागियों के द्वारा कचरे का संग्रहण करते हुये सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों को अपने आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता बनाये रखने , कचरा को इधर-उधर नहीं फेंकने तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने के लिये प्रेरित किया गया। उपायुक्त  संदीप कुमार ने कहा कि “ एक दिन , एक घंटा , एक साथ ” अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन की सफाई तक सीमित नहीं है बल्कि , इसके माध्यम से समाज में नियमित रूप से स्वच्छता एवं जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। स्वच्छता तभी स्थायी रूप से प्रभावी हो सकता है , जब प्रशासन के साथ आमजन भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभायेंगे।उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा 2026 के माध्यम से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों ,  विद्यालयों , आंगनबाड़ी केंद्रों , पर्यटन स्थलों एवं अन्य सामुदायिक परिसरों को स्वच्छ रखना हम सभी का सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसी क्रम में लातेहार जिले के सभी प्रखंडों में भी “एक दिन , एक घंटा , एक साथ ”‌ अभियान के तहत प्रातः 08:00 बजे से 09:00 बजे तक विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रखंड मुख्यालयों के साथ-साथ पंचायत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल सहियाओं , स्वच्छता कर्मियों , स्थानीय जनप्रतिनिधियों , पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का साफ-सफाई की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान के दौरान स्वच्छता में सहभागिता , स्वच्छ भारत–विकसित भारत के संदेश को जन-जन तक में पहुंचाया गया लोगों को अपने गांव एवं पंचायत को स्वच्छ रखने , कचरे का उचित प्रबंधन करने , खुले में कचरा नहीं फेंकने तथा स्वच्छता गतिविधियों में नियमित रूप से भागीदारी करने के लिये प्रेरित किया गया।

Spread the love