इन्वर्टर की मरम्मत के दौरान करंट लगने से टाटा मोटर्स कर्मी की मौत

360°

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित ग्वाला बस्ती में टाटा मोटर्स के एक कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह घर में खराब पड़े इन्वर्टर की मरम्मत करने का प्रयास कर रहे थे। मृतक की पहचान ग्वाला बस्ती निवासी 40 वर्षीय चंद्रभान सिंह के रूप में हुई है। वह टाटा मोटर्स के ईआरसी विभाग में कार्यरत थे और अपने परिवार के प्रमुख कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से न केवल परिवार बल्कि आसपास के लोगों और सहकर्मियों में भी शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चंद्रभान सिंह बुधवार को अपनी बी-शिफ्ट की ड्यूटी पूरी कर रात करीब 10 बजे घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उनकी नजर लंबे समय से खराब पड़े इन्वर्टर पर पड़ी। बताया जाता है कि उन्होंने किसी इलेक्ट्रिशियन या तकनीशियन को बुलाने के बजाय स्वयं ही इन्वर्टर को ठीक करने का प्रयास शुरू कर दिया।

मरम्मत के दौरान अचानक इन्वर्टर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। धमाके के साथ ही चंद्रभान सिंह तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह टेल्को थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू की गईं।

Spread the love