By Mustaffa
मेसरा (रांची): ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान एसबी इंटर कॉलेज,मनातू में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत बेहद उत्साह और उमंग के साथ हुई। कॉलेज परिसर में आयोजित एक विशेष स्वागत सह सम्मान समारोह में नए नामांकित छात्र-छात्राओं का भव्य स्वागत किया गया,जिससे नए विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। समारोह की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य और वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा द्वीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद,कॉलेज परिसर में कदम रखने वाले प्रत्येक नए विद्यार्थी का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर और पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया गया। इस आत्मीय स्वागत ने नए छात्रों के मन से कॉलेज के पहले दिन की हिचकिचाहट को दूर कर दिया और उनमें एक नई ऊर्जा का संचार किया। इस खास अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए प्राचार्य संजय कुमार ने कहा,नए छात्र हमारे कॉलेज का भविष्य हैं। हाल ही में हमारे कॉलेज के विद्यार्थियों ने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। हमें पूरा विश्वास है कि नया बैच भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाएगा। यह नया सत्र आपके सपनों को उड़ान देने का समय है। वहीं वरिष्ठ शिक्षक वीरेंद्र कुमार महतो और दीपक बेदिया ने छात्रों को कॉलेज के नियमों,अनुशासन और शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन छात्रों को न सिर्फ बेहतर शिक्षा बल्कि उनके सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह के दौरान कॉलेज के सम्मानित शिक्षक अर्चना केरकेट्टा और हरेंद्र कुमार सहित सभी प्राध्यापकों ने नए छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। सीनियर छात्रों ने भी अपने नए साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और कॉलेज के अपने अनुभव साझा किए। पूरा कॉलेज परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और वेलकम के नारों से गूंज उठा। अंत में सभी नवागंतुक विद्यार्थियों को कॉलेज परिवार का हिस्सा बनने पर विशेष रूप से सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया।
