By Sunil
रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय रांची के प्लेसमेंट विभाग की ओर से वर्ष 2027 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय प्लेसमेंट ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को की गयी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी कैंपस प्लेसमेंट के लिए तैयार करना तथा उन्हें कॉपोर्रेट जगत की कार्यप्रणाली, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं से परिचित कराना था। कार्यक्रम में बी.टेक. की सभी शाखाओं, एमसीए, एमबीए, एम.कॉम., बीबीए, बी.कॉम., बीबीए-एसबीपीएम, बीसीए, सभी शाखाओं के डिप्लोमा, बीए एवं एमए अंग्रेजी तथा बीए एवं एमए अर्थशास्त्र के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरूआत प्लेसमेंट विभाग की आयोजित सत्र से हुई। इसमें विद्यार्थियों को प्लेसमेंट प्रक्रिया, आवश्यक दिशा-निर्देश, कंपनियों की चयन प्रक्रिया, साक्षात्कार की तैयारी तथा करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समय रहते अपनी तैयारी शुरू करने तथा प्लेसमेंट के लिए गंभीरता से प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। टेकफोकस के वरिष्ठ तकनीकी प्रमुख-क्लाउड निखिल उपाध्याय ने क्लाउड समाधान, एडब्ल्यूएस, जीसीपी, जनरेटिव एआई और एलएलएम जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलती तकनीक के साथ अपने तकनीकी ज्ञान और कौशल को लगातार बेहतर बनाने की सलाह दी। टेकफोकस के वरिष्ठ सेल्सफोर्स विकास विशेषज्ञ श्री अदनान अंसारी ने सेल्सफोर्स विकास, एपेक्स, एलडब्ल्यूसी, ट्रिगर्स, सेल्सफोर्स एकीकरण और व्यावसायिक प्रक्रिया स्वचालन जैसे विषयों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सेल्सफोर्स के नि:शुल्क आॅनलाइन शिक्षण मंच ट्रेलहेड का उपयोग करने तथा संबंधित प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रबंधन और वाणिज्य के विद्यार्थियों के लिए इंडसइंड बैंक की क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक सुश्री प्राची महतो के साथ उद्योग संवाद सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि कंपनियां नए स्नातकों से क्या अपेक्षा रखती हैं और कॉलेज से कॉपोर्रेट जीवन में प्रवेश के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। सीनियर.एआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कडयान ने विद्यार्थियों को करियर की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने प्रभावी जीवन-वृत्त तैयार करने, लिंक्डइन पर मजबूत प्रोफाइल बनाने, प्रमाण-पत्र प्राप्त करने, परियोजनाओं पर कार्य करने, कोडिंग का अभ्यास करने, डेटा संरचना एवं एल्गोरिदम, गिटहब पर कार्य-संग्रह तैयार करने तथा कोडशेफ और लीटकोड जैसे आॅनलाइन मंचों के उपयोग के बारे में जानकारी दी। एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक, कुलपति प्रो सी जगनाथन एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने ओरिएंटेशन कार्यक्रम के आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।
