एसपी ने कटकमसांडी थाने का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

360° Ek Sandesh Live

कटकमसांडी/हजारीबाग : पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कटकमसांडी थाना का औचक निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक के थाना पहुंचते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने सलामी देकर उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने थाना परिसर का भ्रमण करते हुए विभिन्न शाखाओं, मालखाना, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की समीक्षा तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर में घूम-घूमकर साफ-सफाई, अनुशासन और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा क्षेत्र में शांति कायम रखने के लिए सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्होंने थाना में उपलब्ध संसाधनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की तथा पुलिस पदाधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग एवं जनसहभागिता के माध्यम से लोगों का विश्वास मजबूत करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के औचक निरीक्षण से थाना प्रशासन में सक्रियता देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य पुलिस जवान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के निरीक्षण से पुलिस कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने में मदद मिलती है।

Spread the love