फ्रांस फुटबॉल टीम के नए मुख्य कोच होंगे जिनेदिन जिदान, इंग्लैंड के हाथों 6-4 से हार के साथ डिडिएर डेशां का सफल कार्यकाल समाप्त

Sports

Eksandeshlive Desk

पेरिस : फ्रांस के महान फुटबॉलर जिनेदिन जिदान फ्रांस की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम (लेस ब्लू) के नए मुख्य कोच बनने जा रहे हैं। फ्रांसीसी समाचार पत्र एल’इकिप के अनुसार, जिदान एक सितंबर से टीम की कमान संभालेंगे। वह डिडिएर डेशां की जगह लेंगे, जिनका 14 वर्षों का सफल कार्यकाल फीफा विश्व कप 2026 के साथ समाप्त हो गया। डेशां का कार्यकाल शनिवार को मियामी में खेले गए फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान के मुकाबले के बाद समाप्त हुआ, जिसमें फ्रांस को इंग्लैंड के हाथों 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। डेशां ने हार की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए कहा कि टीम ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की कोशिश की, लेकिन तीसरे स्थान पर रहने का मौका गंवा दिया। डिडिएर डेशां ने वर्ष 2012 में फ्रांस की राष्ट्रीय टीम की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में फ्रांस ने 2018 फीफा विश्व कप का खिताब जीता, 2022 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई और 2026 विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचा। हालांकि स्पेन से सेमीफाइनल में हार और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे स्थान के मुकाबले में मिली हार के साथ उनका सफल कार्यकाल समाप्त हो गया।

शानदार रहा डेशां का कार्यकाल : डिडिएर डेशां ने वर्ष 2012 में फ्रांस की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में फ्रांस ने 2018 फीफा विश्व कप का खिताब जीता, 2022 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई और 2026 विश्व कप में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया, जहां टीम स्पेन से हार गई। फ्रेंच फुटबॉल महासंघ (एफएफएफ) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में डेशां के योगदान की सराहना करते हुए कहा, “एफएफएफ वर्ष 2012 से फ्रांस की राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच के रूप में डिडिएर डेशां द्वारा किए गए असाधारण कार्य के लिए उन्हें सलाम करता है और उनका धन्यवाद करता है। कुछ ही दिनों में अपने पद से विदा लेते हुए डेशां फ्रांस की राष्ट्रीय टीम और फ्रांसीसी फुटबॉल के लिए लगभग 25 वर्षों की असाधारण सेवा का अध्याय समाप्त कर रहे हैं। कुछ करियर ऐसे होते हैं जो किसी संस्था और देश के इतिहास पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।” महासंघ ने आगे कहा, “डिडिएर डेशां अनुशासन, कठोरता, सामूहिक भावना और नीली जर्सी के प्रति समर्पण के प्रतीक रहे। उनके नेतृत्व में फ्रांस की टीम ने अपनी विश्वसनीयता, सम्मान और प्रशंसकों का विश्वास दोबारा हासिल किया। टीम ने 2018 विश्व कप और 2021 यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता तथा कई बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल में पहुंची।” एफएफएफ ने कहा, “185 मैचों और 120 जीत से कहीं बढ़कर, डेशां ने प्रदर्शन और जिम्मेदारी की ऐसी संस्कृति विकसित की, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उन्होंने कई नए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार किया, टीम को मजबूत मूल्यों के साथ एकजुट रखा और फ्रांसीसी जनता तथा राष्ट्रीय टीम के बीच रिश्ते को और मजबूत किया।” महासंघ ने अपने संदेश में आगे कहा, “1998 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान, 2000 यूरोपीय चैंपियनशिप विजेता और 20 साल बाद विश्व कप विजेता कोच बनने वाले डिडिएर डेशां का फ्रांसीसी फुटबॉल के इतिहास में एक अनोखा स्थान है। बहुत कम लोगों ने खिलाड़ी और कोच दोनों भूमिकाओं में फ्रांस की नीली जर्सी के लिए इतना योगदान दिया है।” अंत में एफएफएफ ने कहा, “महासंघ और उसके सभी कर्मचारी उनकी उपलब्धता, समर्पण और योगदान को सलाम करते हैं। उनकी छाप क्लेयरफोंटेन से लेकर करोड़ों प्रशंसकों और स्वयंसेवकों के दिलों में हमेशा बनी रहेगी। एफएफएफ उनकी सेवाओं के लिए अनंत आभार व्यक्त करता है। धन्यवाद, डिडिएर।”

इंग्लैंड से मिली हार के बाद फ्रांस के कोच डेशां ने कहा- हार की जिम्मेदारी मेरी : फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान के मुकाबले में इंग्लैंड से 6-4 की हार के बाद फ्रांस के मुख्य कोच डिडिएर डेशां ने अपनी टीम के पहले हाफ के प्रदर्शन को “शर्मनाक” बताया। उन्होंने हार की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए कहा कि टीम ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की कोशिश की, लेकिन तीसरे स्थान पर रहने का मौका गंवा दिया। मैच के बाद डेशां ने कहा, “यह हार है। हम 4-0 से पीछे थे। हमने पहला हाफ शर्मनाक खेला। हालांकि इसके बाद हमने जुझारूपन दिखाया और कई अच्छी चीजें भी कीं। हमारे पास स्कोर 4-4 से बराबर करने के दो मौके थे। उसके बाद हमने और अधिक आक्रामक खेल दिखाया। हमने वही करने की कोशिश की जो हम जानते हैं। इसकी जिम्मेदारी मेरी है। पहले हाफ में मैं वह नहीं कर पाया जो करना चाहिए था। कम से कम दूसरे हाफ में हमारी टीम ने अपना असली खेल दिखाया, भले ही हार का दर्द बना हुआ है। निश्चित रूप से तीसरे स्थान पर रहना बेहतर होता।” डेशां ने कहा, “हम यहां बड़े इरादों के साथ आए थे। हमने कई सकारात्मक चीजें भी कीं, लेकिन स्पेन के खिलाफ मैच में हम चूक गए। यह पूरा अभियान असफल नहीं कहा जा सकता। हमारे पास प्रतिभाशाली टीम है और युवा खिलाड़ी लगातार आगे बढ़ेंगे। हमारे पास और बेहतर परिणाम हासिल करने की क्षमता थी।” उन्होंने आगे कहा, “व्यक्तिगत रूप से खिलाड़ियों के साथ यह सफर मेरे लिए बेहद शानदार रहा। तैयारी की शुरुआत से लेकर हमने आठ सप्ताह साथ बिताए और यह अनुभव यादगार रहा। खेल के लिहाज से निराशा जरूर है, लेकिन हमें करोड़ों फ्रांसीसी प्रशंसकों को भावनात्मक पल देने का अवसर मिला। विश्व कप से बढ़कर कुछ भी नहीं होता।”

फीफा विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक 22 गोल करने वाले खिलाड़ी बने एम्बाप्पे : फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान के मुकाबले में इंग्लैंड से 6-4 की हार के बाद फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने कहा कि टीम अपने विदाई ले रहे मुख्य कोच डिडिएर डेशां को जीत के साथ विदाई देना चाहती थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी टीम पहले हाफ में पूरी तरह बिखर गई थी, लेकिन दूसरे हाफ में खिलाड़ियों ने फिर विश्व स्तरीय प्रदर्शन किया। एम्बाप्पे ने कहा, “मैच के दो बिल्कुल अलग-अलग हिस्से थे। पहले हाफ को देखकर मैं समझ सकता हूं कि कुछ लोगों को लगा होगा कि हमने खुद को हास्यास्पद बना लिया और फ्रांस की जर्सी का सम्मान नहीं किया। लेकिन मैं कहूंगा कि हम इंसान हैं, हालांकि इस स्तर पर हमें ऐसी गलती की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। हम पूरी तरह हिल गए थे और इंग्लैंड ने हमें झकझोर कर रख दिया।” उन्होंने आगे कहा, “दूसरे हाफ में हम फिर वही शीर्ष स्तर के खिलाड़ी बन गए, मानसिक रूप से मजबूत और पूरी तरह तैयार। दुर्भाग्य से हम मैच नहीं जीत सके और इसका सबसे ज्यादा दुख हमारे कोच डिडिएर डेशां के लिए है। हम उनके लिए कुछ खास करना चाहते थे। पहले हाफ को देखकर ऐसा लगा जैसे हमने उन्हें निराश किया, लेकिन हम कभी भी उन्हें ऐसा महसूस नहीं कराना चाहते थे। हालांकि मुझे पूरा विश्वास है कि यह एक मैच डिडिएर डेशां की महान विरासत को कभी धूमिल नहीं करेगा।” चार गोल से पिछड़ने के बाद फ्रांस ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की। एम्बाप्पे ने दो गोल किए, जबकि ब्रैडली बारकोला ने एक गोल कर स्कोर 4-3 कर दिया। एम्बाप्पे के इन दो गोलों के साथ वह फीफा विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक 22 गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए और उन्होंने लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ दिया। हालांकि 87वें मिनट में बुकायो साका ने पेनल्टी पर अपना हैट्रिक पूरा कर इंग्लैंड की बढ़त फिर मजबूत कर दी। उस्मान डेम्बेले ने फ्रांस के लिए एक और गोल किया, लेकिन स्टॉपेज टाइम में जूद बेलिंगहैम ने गोल कर इंग्लैंड की 6-4 की जीत सुनिश्चित कर दी।

इंग्लैंड ने फ्रांस को 6-4 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया, ओलीसे ने तोड़ा पेले का रिकॉर्ड : इंग्लैंड ने शनिवार को फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान के मुकाबले में फ्रांस को रोमांचक मुकाबले में 6-4 से हराकर 1966 में विश्व चैंपियन बनने के बाद विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। इंग्लैंड ने पहले हाफ में ही चार गोल दागकर मैच पर मजबूत पकड़ बना ली थी। हालांकि दूसरे हाफ में फ्रांस ने चार गोल कर जोरदार वापसी की कोशिश की, लेकिन अंत में बुकायो साका ने पेनल्टी पर अपना हैट्रिक गोल दागा और जूद बेलिंगहैम ने स्टॉपेज टाइम में गोल कर इंग्लैंड की जीत पर मुहर लगा दी। इंग्लैंड के लिए पहले हाफ में डेक्लान राइस और एजरी कॉन्सा ने भी गोल किए और टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने मुकाबले में दो गोल किए। इसके साथ ही वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल (10) करने वाले खिलाड़ी बन गए और गोल्डन बूट की दौड़ में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। एम्बाप्पे ने विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या 22 तक पहुंचा दी, जिससे उन्होंने अर्जेंटीना के स्टार लियोनेल मेसी (21 गोल) को पीछे छोड़ते हुए विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी बढ़त हासिल कर ली। फ्रांस के लिए ब्रैडली बारकोला और उस्मान डेम्बेले ने भी गोल किए, जबकि माइकल ओलीसे ने एम्बाप्पे के दोनों गोल में असिस्ट किया। इन दो असिस्ट के साथ ओलीसे के इस विश्व कप में कुल सात असिस्ट हो गए, जिससे उन्होंने एक ही विश्व कप संस्करण में सर्वाधिक असिस्ट करने के पेले के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

Spread the love