ओड़गा रेलवे स्टेशन मार्ग पर 1300 फीट सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, जांच होने तक काम रोकने पर अड़े ग्रामीण
AMIT RANJAN
जलडेगा: प्रखंड के ओड़गा पंचायत में विधायक मद से बन रही PCC सड़क के निर्माण में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने निर्माण कार्य बंद करा दिया। मामला ओड़गा रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली करीब 1300 फीट लंबी महत्वपूर्ण सड़क का है। ग्रामीणों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई और गुणवत्ता की जांच होने तक काम बंद रखने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है। जहां करीब 6 इंच मोटी ढलाई होनी चाहिए, वहां कथित तौर पर 3 से 4 इंच ही ढलाई की जा रही है। वहीं सड़क की सोलिंग में भी घटिया ईंटों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि कार्यस्थल पर एस्टीमेट और योजना से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान यात्रियों के आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था भी नहीं की गई है। इसके कारण ओड़गा रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग रेलवे लाइन के किनारे से होकर गुजरने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने इसे दुर्घटना की आशंका से जोड़ते हुए तत्काल सुरक्षित डायवर्सन बनाने की मांग की है।
ओड़गा मुखिया मुकुट समद एवं पंचायत समिति सदस्य सह मिशन बदलाव के जिला अध्यक्ष दीपक कुमार महतो ने कहा कि वर्षों की मांग के बाद सड़क निर्माण शुरू हुआ है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक सक्षम अधिकारी या अभियंता मौके पर पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता की जांच नहीं करते और एस्टीमेट की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की मांग की है। मौके पर जितेंद्र कुमार महतो, संतोष गोप, तुलसी साहू, संतोष महतो, मनोज बड़ाईक, मतियस जोजो, पतरस लोमगा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
