गिरिडीह में भाजयुमो नेता की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग किया जाम

Crime

Eksandeshlive Desk

गिरिडीह: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता मिथिलेश यादव (27) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह हेसला के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच उनका शव पड़ा मिला। मृतक के माथे के बीचोंबीच गोली लगने का निशान मिला है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे एक व्यक्ति मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। इसी दौरान उसने राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच एक युवक का शव पड़ा देखा। उसने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग जुट गए।

घटना की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) धनंजय राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बगोदर प्रमुख आशा महतो समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाने की तैयारी की जा रही है। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मिथिलेश यादव का शव सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। इससे राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। लोग हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। एसडीपीओ धनंजय राम ने कहा कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिथिलेश यादव हेसला गांव के रहने वाले थे और राष्ट्रीय राजमार्ग के पास सर्विस सेंटर की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर रात वह अपनी मां से दुकान पर सोने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद शुक्रवार सुबह उनका शव राजमार्ग के बीच मिला। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुकान से निकलने के बाद मिथिलेश यादव किन लोगों के संपर्क में थे और उन्हें घटनास्थल तक कैसे लाया गया। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Spread the love