टंडवा:हजारीबाग से सिमरिया लौटने के दौरान बिरहु के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।हादसे में सिमरिया निवासी प्रशांत कुमार की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित सखुआ के पेड़ से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और प्रशांत कुमार वाहन के अंदर गंभीर रूप से घायल होकर फंस गए।इसी दौरान सिमरिया के अंचल अधिकारी (सीओ) गौरव कुमार अपने सुरक्षा बलों के साथ उसी रास्ते से गुजर रहे थे।जंगल की ओर क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो की इंडिकेटर लाइट जलती देखकर उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाया और घटनास्थल पर पहुंच गए।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ गौरव कुमार ने सुरक्षा बलों के सहयोग से काफी मशक्कत कर घायल प्रशांत कुमार को क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए घायल को अपनी गाड़ी से सिमरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया।घायल को अस्पताल ले जाने के दौरान सीओ गौरव कुमार को भी चोट लग गई और वे खून से लथपथ हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने में जुटे रहे।सिमरिया रेफरल अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल प्रशांत कुमार का प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।हादसे के बीच सीओ गौरव कुमार की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदना की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। समय रहते मौके पर पहुंचकर उन्होंने न केवल घायल को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला, बल्कि उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने की दिशा में अहम भूमिका निभाई।स्थानीय लोगों ने सीओ की इस मानवीय पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में उन्होंने एक अधिकारी नहीं, बल्कि एक फरिश्ते की तरह मदद का हाथ बढ़ाया।
