72 घंटे में नहीं सुधरी बिजली व्यवस्था तो होगा धरना : विधायक प्रदीप प्रसाद
हजारीबाग : जिले में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर अब जनाक्रोश तेज होने लगा है। भीषण गर्मी के बीच जिले में लो-वोल्टेज, घंटों बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में पंखे और कूलर तक जवाब दे चुके हैं, जबकि रातभर बिजली गुल रहने से लोगों की नींद हराम हो गई है। जनता की बढ़ती नाराजगी और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सदर विधायक प्रदीप प्रसाद और बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह एवं विभागीय अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर बिजली संकट का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। बैठक के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने कड़े तेवर अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि आगामी 72 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, विभाग को धरातल पर परिणाम दिखाना होगा। विधायक ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से आम लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है, व्यापारी परेशान हैं, किसान सिंचाई कार्य नहीं कर पा रहे और मरीजों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग बिजली संकट से त्रस्त हैं और विभागीय लापरवाही के कारण जनता में भारी आक्रोश है। बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने विभागीय अधिकारियों को खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि बड़कागांव क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। कई गांवों में बिजली नाम मात्र की मिल रही है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता का गुस्सा कभी भी फूट सकता है। विधायकों ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग की कि जर्जर तारों को बदला जाए, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएं और अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए। बिजली विभाग के महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह ने समस्या को गंभीर मानते हुए आश्वासन दिया कि विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए टीमों को लगाया गया है तथा अगले 24 घंटे के भीतर व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही हजारीबाग में कम से कम 22 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। बैठक के बाद विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता की परेशानियों पर राजनीति नहीं, समाधान चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर विभाग तय समय के भीतर व्यवस्था सुधारने में विफल रहा तो जनता के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन और विभागीय कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। मौके पर बलराम शर्मा, दारू मंडल अध्यक्ष अशोक कुशवाह, सदर पूर्वी मंडल अध्यक्ष अजीत कुशवाहा, कटकमसांडी पूर्वी मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, सदर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष शिवपाल यादव, सदर पूर्वी मंडल उपाध्यक्ष राम अवतार शर्मा, मुखिया राजेश गुप्ता, मुखिया प्रतिनिधि अशोक राणा, परमेश्वर यादव, अमृत पासवान, राजू महतो, पवन गिरि, गुडिया देवी, डांली देवी, रेखा देवा, दिलीप साव, पंडल यादव, दिलीप यादव, कृष्णा साहू, पिंटू साहू, बजरंगी ठाकुर, उप मुखिया मनोज कुशवाहा, राजेश यादव, भजन साव, राजेश ठाकुर, भास्कर पासवान सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे।
