हरमू बाईपास मार्ग में वॉक-वे को अतिक्रमणमुक्त करने की कार्रवाई, 80 विज्ञापन पट्ट हटाए गए

360° Ek Sandesh Live

ASHOK DWIVEDI

रांची: शहर में पैदल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन व सार्वजनिक वॉक-वे को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से रांची नगर निगम की टीम ने गुरूवार को हरमू बाईपास मार्ग में विशेष अभियान चलाकर वॉक-वे में बाधा उत्पन्न कर रहे लगभग 80 छोटे-बड़े विज्ञापन पट्ट/होर्डिंग्स को हटाया। कार्रवाई के दौरान विशेष रूप से ऐसे विज्ञापन पट्टों को हटाया गया जो 12 फीट से कम ऊंचाई पर अथवा अवैध रूप से फुटपाथ वॉक-वे पर लगाए गए थे व इनके कारण पैदल यात्रियों को आवागमन में कठिनाई हो रही थी।

रांची नगर निगम ने सभी संबंधित विज्ञापन एजेंसियों को निर्देशित किया है कि वे ऐसे अवैध विज्ञापन पट्टों को स्वत: हटा लें व सार्वजनिक वॉक-वे व फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखें। नगर निगम का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि शहर के नागरिकों, विशेषकर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम व बाधारहित आवागमन सुनिश्चित करना है। निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक फुटपाथ व वॉक-वे पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा ऐसी गतिविधि, जिससे पैदल यात्रियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो, स्वीकार्य नहीं होगी। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में निगम की नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Spread the love