जाली दस्तावेज मामले में हुई कार्रवाई को राजनीतिक रंग देना बंद करे भाजपा : ऋषीकेश सिंह

360° Ek Sandesh Live

By Sunil Verma

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने भाजपा युवा मोर्चा के नेता श्रीनिवास कुमार की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कानून के तहत हुई कार्रवाई को राजनीतिक रंग देकर भाजपा जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उनकी पार्टी न्यायालय में कथित रूप से जाली दस्तावेज प्रस्तुत करने और सरकारी अधिकारी के हस्ताक्षर का दुरुपयोग करने जैसे गंभीर आरोपों का भी बचाव कर रही है। किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी उसके राजनीतिक विचारों के कारण नहीं, बल्कि विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत दर्ज प्राथमिकी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हुई है। ऋषीकेश सिंह ने कहा कि उपलब्ध तथ्यों के अनुसार न्यायालय में प्रस्तुत किए गए दस्तावेज को संबंधित सरकारी विभाग ने फर्जी बताया। इसके बाद सरकारी अधिकारी के हस्ताक्षर और सरकारी अभिलेखों के कथित दुरुपयोग के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसी मामले में पुलिस ने कानून के अनुसार कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की। इसलिए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताना न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास है। ऋषीकेश सिंह ने कहा कि यदि भाजपा को लगता है कि प्रस्तुत दस्तावेज वास्तविक था, तो वह इसका प्रमाण न्यायालय में प्रस्तुत करे। प्रेस बयान देकर जनता को भ्रमित करने और जांच एजेंसियों पर दबाव बनाने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुकूल नहीं है। प्रदेश प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता के तहत जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करना, उनका उपयोग करना तथा न्यायालय को गुमराह करने का प्रयास गंभीर दंडनीय अपराध हैं। कानून सबके लिए समान है और किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता।
ऋषीकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि यदि कोई व्यक्ति निर्दोष है तो उसे न्यायालय से न्याय अवश्य मिलेगा, लेकिन यदि किसी ने न्यायालय में कथित रूप से जाली दस्तावेज प्रस्तुत कर न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होना स्वाभाविक और आवश्यक है।

Spread the love