Eksandeshlive Desk
खूंटी : खूंटी जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं का रहा है। जिले के किसी न किसी गांव में हाथी हर दिन जनमाल की क्षति पहुंचा रहे हैं। कर्रा थाना क्षेत्र के मास्को पंचायत अंतर्गत देहकेला गांव में शनिवार को जंगली हाथी के हमले में एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जेवियर उर्फ चुयू होरो के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, जेवियर अपने खेत में लगाए गए गरमा धान की फसल की देखरेख के लिए सुबह करीब 11 बजे खेत गए थे। तभी अचानक जंगल की ओर से एक जंगली हाथी निकलकर खेत की तरफ आ गया। इससे पहले कि किसान कुछ समझ पाते, हाथी ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी ने जेवियर को अपनी सूंड में लपेटकर कई बार जमीन पर पटक दिया और फिर बुरी तरह कुचल डाला। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और भय व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ती जा रही है, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना वन विभाग और कर्रा थाना पुलिस को दे दी है। प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचने की प्रक्रिया जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों के बढ़ते आतंक पर तत्काल नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराई जाए।
