Eksandeshlive Desk
लोहरदगा : जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदाल टंगरा टोली गांव में मंगलवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार भंडरा प्रखंड के बेदाल टंगरा टोली निवासी प्रतिमा उराइन (35 ) अपने पति कृष्णा उरांव तथा दो बच्चों के साथ खेत में कृषि कार्य कर रही थी। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी खेत की ओर पहुंच गया। हाथी को देखकर परिवार और आसपास मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। अफरातफरी के बीच महिला का एक बच्चा खेत में ही गिर गया। हाथी ने बच्चे या अन्य लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और प्रतिमा उराइन को अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें बुरी तरह रौंद डाला। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी महिला को बचा नहीं सके। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे लोग भय के साये में जीने को मजबूर है। खेतों में काम करने और गांव से बाहर निकलने में भी लोग डर महसूस कर रहे है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग को घटना की जानकारी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि हाथी फिलहाल उसी इलाके में मौजूद है, जिससे ग्रामीणों में और अधिक भय बना हुआ है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर हाथी के आतंक से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं।
हाथी के हमले में सब्जी विक्रेता गंभीर रूप से घायल
पूर्वी सिंहभूम : जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर बड़ामारा गांव के पास हाथियों के झुंड ने एक बाइक सवार पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी 45 वर्षीय नीलकंठ नायक के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं। बताया जाता है कि नीलकंठ नायक सोमवार को चाकुलिया के जोड़ाम हाट में सब्जी बेचने गए थे। देर रात वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ामारा गांव के समीप सड़क पर अचानक उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। हाथियों को देखते ही उन्होंने बाइक छोड़ दी और जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन एक हाथी ने उनका पीछा कर पास के खेत में घेर लिया। इसके बाद हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान हाथी ने उनके सीने पर पैर रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि किसी तरह भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक समीर मोहंती भी सक्रिय हुए। ग्रामीणों ने उन्हें फोन पर सूचना दी, जिसके बाद वह स्वयं मौके पर पहुंचे और अपने वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और घायल का हालचाल जाना। ग्रामीणों के अनुसार बड़ामारा गांव के आसपास इन दिनों सात हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। रात के समय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि हाथी अक्सर मुख्य सड़क पर भी आ जाते हैं। लोगों का कहना है कि हाथियों के कारण गांवों में दहशत फैली हुई है और वन विभाग स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल साबित हो रहा है।
