रांची। जेपीएससी व जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन तीसरे दिन सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान छात्र नेताओं ने आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करते हुए आगामी 29 जुलाई को पदयात्रा व 06 अगस्त को झारखंड विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया। इसके साथ ही छात्र विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने व उन्हें रद्द करने की मांग कर रहे हैं। मौके पर झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा के उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि 29 जुलाई को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। वहीं मानसून सत्र के पहले दिन छह अगस्त को विधानसभा का घेराव कर सरकार से जेपीएससी व जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच व विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की जाएगी। वहीं मौके पर छात्र नेताओं ने दावा किया कि परीक्षा विवाद मामले में अब तक 10 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। जांच एजेंसियों को कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं। उनका कहना है कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता व सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। मौके पर विशाल कुमार गौरव, शिल्पी कुमारी, राकेश कुमार, सविता कुमारी, सूर्य प्रकाश कुमार, राजकुमार कश्यप, ममता कुमारी सहित कई छात्र व अभिभावक मौजूद थे।
