जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, पहली पाली में 2205 व दूसरी पाली में 2203 परीक्षार्थी उपस्थित

360° Education Ek Sandesh Live

साहिबगंज: जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा दो पालियों में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त वातावरण में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई।प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें कुल 3653 परीक्षार्थियों में से 2205 उपस्थित रहे, जबकि 1448 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई, जिसमें 3653 में से 2203 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 1450 अनुपस्थित रहे।सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा, एसडीओ अमर जॉन आइंद, मुख्यालय डीएसपी विजय कुशवाहा तथा सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

केंद्र खोजने में परीक्षार्थियों को हुई परेशानी

परीक्षा देने आए कई छात्रों को परीक्षा केंद्र ढूंढने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई केंद्रों का स्पष्ट पता (एड्रेस) एडमिट कार्ड में अंकित नहीं था और कुछ स्कूल गूगल मैप पर भी उपलब्ध नहीं थे, जिससे परीक्षार्थियों को दिक्कत हुई। विशेष रूप से सीएम एक्सीलेंस स्कूल, राजकीय कन्या मिडिल स्कूल, अपग्रेड नगरपालिका गर्ल्स हाई स्कूल एवं पीएम श्री अपग्रेड मिडिल स्कूल, बड़ा पंचगढ़ जैसे केंद्रों को खोजने में अधिक परेशानी हुई।
परीक्षार्थियों ने सुझाव दिया कि जेपीएससी और जिला प्रशासन को स्कूल के नाम के साथ पूरा पता भी उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि एडमिट कार्ड में स्पष्ट जानकारी रहे और गूगल मैप पर भी केंद्र आसानी से खोजे जा सकें।

परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त ने सभी अधिकारियों, कर्मियों और पुलिस बल को बधाई दी।

Spread the love