साहिबगंज/बरहरवा : 12 अप्रैल 2026 को हुई चोरी की घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट बरहरवा द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
18 अप्रैल 2026 को आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। टीम में सीपीडीएस के एएसआई बबूल दास, कांस्टेबल अमन कुमार, नितेश कुमार, शिवम कुमार सिंह तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के एएसआई सुरेश पासवान, कांस्टेबल चंदन कुमार राम और सतीश कुमार शामिल थे।शाम के समय स्टेशन परिसर में गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ नजर आया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के पास से कुल 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से एक उसका निजी मोबाइल था, जबकि 3 महंगे मोबाइल चोरी के पाए गए। सभी मोबाइल बिना सिम कार्ड के थे और उनके संबंध में कोई वैध कागजात नहीं मिले। बरामद मोबाइल में एक सैमसंग और दो आईफोन शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 2,25,999 रुपये बताई गई है।गिरफ्तार युवक की पहचान आनंद कुमार महतो (22 वर्ष), निवासी साहिबगंज (झारखंड) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने ये मोबाइल यात्रियों से चोरी किए थे और बेचने के इरादे से तीनपहाड़ आया था।
आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब्त मोबाइल के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया है। जीआरपी ने आरपीएफ की लिखित शिकायत पर केस संख्या 18/2026 दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
