मेदांता नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप
अशोक अनन्त
चतरा: लावालौंग थाना क्षेत्र के चुकु गांव निवासी लाटो गंझू की 20 वर्षीय गर्भवती पत्नी बैजंती देवी और उसके 8 महीने के अजन्मे बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दोहरी मौत से पूरे गांव में मातम और भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि चतरा बस स्टैंड के पास स्थित मेदांता नर्सिंग होम में महिला को बिना किसी जांच और क्रॉस मैचिंग के 9 हजार रुपये में एक यूनिट खून चढ़ाया गया, जिसके तुरंत बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी जान चली गई।
परिजनों के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन इलाज के नाम पर उनसे पहले ही 25 हजार रुपये ऐंठ चुका था और सिजेरियन ऑपरेशन के लिए 40 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार जान बचाने के लिए हर मांग पूरी कर रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि मौत के बाद अस्पताल प्रशासन कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए मृतका के घर पर डेरा डाले हुए है और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश में जुटा है। फिलहाल शव गांव में है और ग्रामीण दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
