Eksandeshlive Desk
न्यू चंडीगढ़ : अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच की पहली पारी में दूसरे दिन 3 विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने कहा कि उनकी कोशिश सही जगह पर गेंदबाजी करने और लगातार सही लेंथ पर गेंद डालने की थी। भारतीय टीम के लिए टेस्ट में पदार्पण करने वाले 23 वर्षीय मानव सुथार ने पहले ही ओवर में विकेट हासिल किया। युवा खिलाड़ी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के पहले ओवर की चौथी गेंद पर अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज अब्दुल मलिक (16) को पवेलियन भेजा। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज (12) और अफसर जजई (3) का विकेट हासिल किया। सुथार ने दूसरे दिन 15.5 ओवर के स्पेल में सात ओवर मेडन फेंके और 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
भारत के लिए खेलना हर किसी का सपना होता है : दिन का खेल समाप्त होने के बाद मानव सुथार ने कहा कि स्पेल के दौरान मेरा ध्यान सही जगह पर गेंदबाजी करने और अपनी ताकत का इस्तेमाल करने पर था। विकेट से मदद मिल रही थी इसलिए मेरी कोशिश सही जगहों पर गेंदबाजी करने और लगातार सही लेंथ पर गेंद डालने की थी।' युवा स्पिनर ने कहा किमेरा फोकस गेंद को ज्यादा से ज्यादा टर्न कराना था क्योंकि पिच से मदद मिल रही थी। साथ ही अच्छी जगहों पर गेंदबाजी करना और लगातार सही लेंथ पर गेंद डालना चाहता था क्योंकि वहीं से मदद मिल रही थी। मेरा पूरा ध्यान इसी पर था।’ पदार्पण को लेकर सुथार ने कहा कि मुझे सुबह ही पता चला, जब हम ग्राउंड पर पहुंचे। भारत के लिए खेलना हर किसी का सपना होता है। मुझे अपनी कैप मिलने पर बहुत खुशी है।' कप्तान शुभमन गिल को लेकर युवा खिलाड़ी ने कहा किहम साथ खेले हैं (इंडियन प्रीमियर लीग में) इसलिए वह मेरी ताकत और मेरी गेंदबाजी को अच्छी तरह समझते हैं। वह मुझे मैच की स्थितियों और मुझे किस लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करनी चाहिए, इस बारे में मार्गदर्शन करते हैं।’
भारत की पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित : मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने दूसरे दिन अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट खोकर 113 रन बना लिए हैं। रहमत शाह 81 गेंदों में 43 रन बनाकर नाबाद हैं। पहली पारी के आधार पर अफगानिस्तान टीम अभी भी 451 रन पीछे है। भारतीय टीम के लिए स्पिनर मानव सुथार ने पदार्पण मुकाबले में तीन विकेट लिए, जबकि तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को दो सफलता मिली। अफगानिस्तान की पहली पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अब्दुल मलिक सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सेदिकुल्लाह अटल 17 रन और रहमानुल्लाह गुरबाज 12 रन बनकर पवेलियन लौटे। टीम के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कुछ देर मैदान पर टिककर समय बिताया, लेकिन वह भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 48 गेंदों में 20 रन की पारी खेलकर आउट हुए। दिन का खेल समाप्त होने से ठीक पहले अफगानिस्तान को पांचवां झटका लगा। अफसर जजई 3 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित कर दी।
