झारखंड के 10 जिलों में 28 को होगी ओलावृष्टि और वज्रपात

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के 10 जिलों में रविवार को ओलावृष्टि, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर की गति से तेज हवा चलने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 28 अप्रैल से तीन मई तक राज्य भर में तेज हवा, गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि होने की संभावना है। यह स्थिति बंगाल की खाड़ी से झारखंड में नमी के प्रवेश करने से बनी है। मौसम में होने वाले इस बदलाव की वजह से झारखंड के अधिकांश जिलों में लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में 5 से 10 डिग्री तक की गिरावट होगी।

मौसम खराब होने पर बरतें ये सावधानी : मौसम विभाग ने गर्जन और वज्रपात की स्थिती में लोगों से बिजली के खम्भों के पास नहीं रहने, ऊंचे स्थानों पर चढ़ने से बचने, टूटे-फूटे मकान के पास नही रहने तथा पेड़ के नीचे खड़ा नहीं रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार मौसम में इस बदलाव को काल बैसाखी के नाम से भी जाना जाता है। इसमें गर्जन, वज्रपात, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलती हैं। वहीं शनिवार को रांची सहित पूरे राज्य भर में प्रचंड गर्मी महसूस की गई। सुबह होते ही कड़ी धूप से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। शनिवार को रांची में तापमान 39.3 डिग्री, जमशेदपुर में 42.9, डाल्टेनगंज में 43.5, बोकारो में 42.1 और चाईबासा में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रचंड गर्मी में बिजली कटने लोग हुए बेहाल : राजधानी रांची में प्रचंड गर्मी में बिजली कटने से शनिवार को दिनभर लोग बेहाल नजर आए। रांची के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही बिजली की आंखमिचौली जारी रही। वहीं बिजली विभाग ने शुक्रवार को नामकुम स्थित सब स्टेशन की मरम्मत के चलते सुबह आठ से सुबह 11 बजे तक बिजली कटे जानी की सूचना दी थी। इससे इस सब स्टेशन के दायरे में आनेवाले मेन रोड, कोकर के शहरी और ग्रामीण, नामकुम, खेलगांव, टाटीसिलवे सहित अन्य इलाक़ों में बिजली कटी रही। बावजूद इसके इन इलाकों में 11 बजे तक बिजली की आपूर्ति नही की गई।