झारखंड के 48 नगर निकायों में चुनाव प्रचार थमा, 23 फरवरी को मतदान

Election

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के 48 नगर निकायों में होने वाले चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार शुक्रवार शाम पांच बजे रोक दिया गया। इसके बाद सभी निर्वाचन क्षेत्रों में न तो सार्वजनिक सभा आयोजित की जा सकेगी और न ही कोई जुलूस निकाला जाएगा। हालांकि, प्रत्याशी डोर-टू-डोर संपर्क अभियान जारी रख सकेंगे। नगर निकाय चुनाव के तहत 23 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। चुनाव की तैयारियों के तहत रांची के ट्रांसपोर्ट नगर में स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्र बनाया गया है। स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचने के लिए दो मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इससे पहले स्ट्रॉन्ग रूम पंडरा में बनाया जाता था, लेकिन इस बार इसे रिंग रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित किया गया है।

मतगणना केंद्र में केवल वैध पासधारियों को ही प्रवेश मिलेगा। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा बलों की तैनाती के माध्यम से की जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। नगर निकाय चुनाव की हर गतिविधि पर रांची पुलिस पैनी नजर रख रही है। इसके लिए विशेष नियंत्रण कक्ष (स्ट्रॉन्ग रूम मॉनिटरिंग) बनाया गया है, जहां से अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे। रांची के नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान को लेकर पोलिंग पार्टियां शुक्रवार से ही अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही हैं, जबकि कुछ स्थानों के लिए चुनाव कर्मी रविवार को प्रस्थान करेंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना 27 फरवरी को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

Spread the love