झारखंड में डिजिटल हेल्थ को मिलेगा बढ़ावा, रांची में 30 सितंबर से कॉन्क्लेव : डॉ. इरफान अंसारी

Health

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से 30 सितंबर से एक अक्टूबर तक रांची में दो दिवसीय डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव आयोजित होगा। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को नेपाल हाउस स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में झारखंड को मॉडल राज्य बनाना उनका सपना है। कॉन्क्लेव में रोबोटिक सर्जरी, टेली-आईसीयू, टेलीमेडिसिन, टेली-एसएनसीयू, टेली-रेडियोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड जैसी तकनीकों पर चर्चा एवं प्रदर्शन होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों 10-बेड वाले आईसीयू का शुभारंभ भी किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाना है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि एआई और रोबोटिक्स डॉक्टरों की क्षमता बढ़ाने के साधन हैं, उनका विकल्प नहीं। मरीजों के चिकित्सकीय निर्णय और प्रिस्क्रिप्शन प्रशिक्षित डॉक्टर ही करेंगे। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस मौके पर बताया कि अस्पतालों को वाई-फाई से जोड़ने के साथ रजिस्ट्रेशन, भुगतान और जांच रिपोर्ट जैसी सुविधाएं वाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराने की शुरुआत की गई है। इसे भविष्य में जिला अस्पतालों तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव में विभिन्न कंपनियां डिजिटल स्वास्थ्य तकनीकों और समाधानों का प्रदर्शन करेंगी। प्रेस वार्ता में विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, एनएचएम अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Spread the love