झारखंड में गर्मी-उमस से लोग परेशान, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले दो-तीन दिनों से कहीं बारिश तो कहीं तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण उमस भरी गर्मी महसूस की गई। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली की आंखमिचौली ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। विभाग ने तीन और चार जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण राज्य में मौसम तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी के बाद शाम या रात में कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के नामकुम क्षेत्र में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान राज्य में सर्वाधिक वर्षा रांची एयरपोर्ट क्षेत्र के आसपास 21.6 मिलीमीटर दर्ज की गई। मंगलवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तथा न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्जन और आकाशीय बिजली की संभावना के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। तेज हवाओं और संभावित बारिश को देखते हुए किसानों तथा आम नागरिकों को भी आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Spread the love