झारखंड सरकार एवं पंजाब नेशनल बैंक के बीच वेतन बचत खाता हेतु समझौता

Business

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड सरकार एवं पंजाब नेशनल बैंक के बीच राज्य सरकार के कर्मियों के लिए सैलरी सेविंग खाता उपलब्ध कराने संबंधी समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता प्रोजेक्ट भवन, धुर्वा में आयोजित समारोह के दौरान सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह तथा उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव सहित झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार एवं वित्त सचिव प्रशांत कुमार उपस्थित रहे।

समारोह में पीएनबी के अंचल प्रमुख, रायपुर आशीष कुमार चतुर्वेदी, मंडल प्रमुख अवधेश कुमार झा तथा झारखंड सरकार एवं पीएनबी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के 400 से अधिक अधिकारीगणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान पीएनबी अधिकारियों द्वारा उपस्थित राज्यकर्मियों को समझौते के अंतर्गत सैलरी खातों पर उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी गई तथा पीएनबी सैलरी खाता धारकों को मिलने वाली नि:शुल्क बैंकिंग सेवाओं से अवगत कराया गया। इस समझौते के तहत राज्यकर्मियों को 1.25 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा, 2.50 करोड़ रुपये तक का हवाई दुर्घटना बीमा, 10 लाख रुपये तक का टर्म लाइफ बीमा, स्वास्थ्य बीमा तथा एटीएम, चेकबुक, ड्राफ्ट आदि की निःशुल्क एवं आकर्षक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस समझौते से झारखंड राज्य के कर्मियों को उन्नत बैंकिंग उत्पाद एवं बेहतर वित्तीय सुविधाएं प्राप्त होंगी।

Spread the love