Eksandeshlive Desk
चेन्नई/नई दिल्ली : तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु की बागडोर संभाल ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में सुबह करीब 10 बजे भव्य समारोह में तमिलनाडु के प्रभारी राज्यपाल राजेन्द्र अर्लेकर ने टीवीके प्रमुख विजय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। विजय के शपथ ग्रहण करते ही पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट और नारों से गूंज उठा। विजय के शपथ लेने के बाद एन. आनंद, आदव अर्जुना, अरुणराज, सेंगोट्टैयन, वेंकटरमणन, निर्मलकुमार, राजमोहन, डी.के. प्रभु और कीर्तना ने मंत्रियों के रूप में शपथ ग्रहण की। इस समारोह में विजय के परिवार के सदस्य, फिल्म जगत की हस्तियां और गठबंधन दलों के नेता शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उपस्थित रहे। तमिलनाडु की राजनीति में वर्ष 2026 को एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में तमिल थाई वंदना गीत की बजाय पहले “वंदे मातरम्” और फिर राष्ट्रगान बजाया गया। इसके बाद तमिल थाई वंदना प्रस्तुत की गई। गौरतलब है कि तमिलनाडु सरकार के कार्यक्रम सामान्यतः तमिल थाई वंदना से शुरू होकर राष्ट्रगान के साथ समाप्त होते हैं, लेकिन इस समारोह में क्रम बदला हुआ दिखाई दिया। इसी के साथ राज्य की दो प्रमुख पार्टियों डीएमके और एआईएडीएमके के लगभग छह दशक से चले आ रहे बारी-बारी के शासन का अंत हो गया है। विजय गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे। इसमें कांग्रेस एक सहयोगी के रूप में शामिल है।
तमिलनाडु में ताजपोशी के बाद विजय ने तिरुचिरापल्ली पूर्वी सीट छोड़ी, दो विशेष सचिवों की नियुक्ति : तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) अध्यक्ष और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद तिरुचिरापल्ली पूर्वी विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पेरम्बूर सीट को अपने पास बरकरार रखा है। विजय ने हालिया विधानसभा चुनाव में दो सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत हासिल की थी। इससे पहले रविवार सुबह 10:15 बजे आयोजित भव्य समारोह में विजय ने तमिल भाषा में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सहित कई प्रमुख नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने विधानसभा की एक सीट छोड़ने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने विधानसभा के प्रमुख सचिव के. श्रीनिवासन को तिरुचिरापल्ली पूर्वी सीट से अपना इस्तीफा भेजा। यह इस्तीफा मंत्रियों के.ए. सेंगोट्टैयन और पी. वेंकटरमन के माध्यम से सौंपा गया। शपथ ग्रहण के बाद चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में विजय ने जनता को संबोधित करते हुए पारदर्शी और जवाबदेह शासन का वादा किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार “वास्तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय” के सिद्धांतों पर काम करेगी। मुख्यमंत्री के रूप में विजय ने राज्य में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की। इसके साथ ही मादक पदार्थों के बढ़ते खतरों से निपटने के लिए विशेष टास्क फोर्स के गठन और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हेल्पलाइन व विशेष बल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का पूरा ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा। उन्होंने किसानों और मछुआरों के हितों की रक्षा का भी भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री पद संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर विजय ने कई अहम प्रशासनिक फैसले लिए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में दो विशेष सचिवों की नियुक्ति की। वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों पी. सेंथिल कुमार और जी. लक्ष्मी प्रिया को मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रमुख सहयोगी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, विजय का मुख्यमंत्री बनना तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। करीब 60 वर्षों बाद राज्य में द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के अलावा किसी अन्य दल की सरकार सत्ता में आई है। तमिलनाडु में राजनीतिक हलकों के साथ-साथ आम जनता में भी नई सरकार को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए विजय राज्य में नई राजनीतिक संस्कृति और प्रशासनिक बदलाव की शुरुआत कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने विजय को बधाई दी, राहुल गांधी ने कहा-तमिलनाडु ने नई पीढ़ी और नई सोच को चुना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को थिरु सी जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “थिरु सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर बधाई। उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं! केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए काम करती रहेगी। वहीं शपथ ग्रहण के बाद राहुल गांधी ने विजय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तमिलनाडु ने “नई पीढ़ी, नई आवाज और नई सोच” को चुना है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि तमिलनाडु की जनता ने बदलाव के पक्ष में अपना फैसला दिया है। राहुल ने उम्मीद जताई कि विजय राज्य की जनता की आकांक्षाओं और उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। चेन्नई में रविवार सुबह 11 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) और विदुथलाई चिरुथइगल काची (वीसीके) के नेताओं ने भी हिस्सा लिया। इन दलों ने विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) को समर्थन दिया है। शपथ लेने के बाद विजय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
