कृष्ण जन्माष्टमी विसर्जन जुलूस में मारपीट के बाद कुएं में गिरा युवक, मौत

360°

Eksandeshlive Desk

पलामू: जन्माष्टमी जुलूस में शामिल होने गए एक युवक की कुएं से शव मिला। घटना पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के छेछानी गांव में हुई। युवक की पहचान इसी थाना क्षेत्र के टरिया पंचायत के भालोगाडी निवासी चंदन कुमार साव (25) पिता बिहारी साव के रूप में हुई है। पुलिस हत्या या हादसा एंगल पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया गया है। परिजनों ने दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने के बाद शव को कुएं में डाल देने का आरोप लगाया है। इधर जानकारी मिली है कि पुलिस कुछ युवकों को पूछताछ के लिए थाना ले गई है। स्थिति को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार चंदन महाराष्ट्र में रहकर पोकलेन चलाता था। शनिवार सुबह में घर आया था। छेछानी गांव में शाम के समय जन्माष्टमी पूजा को लेकर निकले जुलूस में शामिल होने के लिए उसके दोस्तों ने बुलाया था। छेछानी गांव युवक के घर से 2 किलोमीटर दूर है। जुलूस खत्म होने के बाद चंदन जब अपने घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। परिजनों ने उसके दोस्तों दीपक साव, रवि साव, कृष्णा साव, मोहित साव से पूछताछ शुरू की। दबाव बनाया तो दोस्तों ने चंदन के शव को जुलूस वाली रूट से सटे कुएं से झगड़ के सहारे निकाला। शनिवार देर रात 1 बजे शव मिला। सूचना मिलने पर तरहसी थाना से पुलिस पदाधिकारी आनंद सिंह, महताब और राजीव कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तरहसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिता और बड़े भाई ने आरोप लगाते हुए कहा कि शनिवार देर शाम सूचना मिली की चंदन का उसके दोस्तों से झगड़ा हो गया है। उसके साथ मारपीट की जा रही है। मौके पर पहुंचे तो जुलूस खत्म हो गया था। आसपास काफी खोजबीन की गई लेकिन चंदन कहीं नहीं मिला। बाद में मारपीट करने वाले दोस्तों से पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर शव कुएं से बरामद हुई। दोस्तों ने बताया कि चंदन साउंड बॉक्स पर मुक्के से मार रहा था। इसे लेकर विवाद हुआ और मारपीट हुई। चंदन तीन भाई में सबसे छोटा था और उसकी शादी नहीं हुई थी।

Spread the love