Eksandeshlive Desk
रांची: गिरिडीह विधायक व झारखंड राज्य सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन हो गया। बताया जाता है कि शनिवार की रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सुदिव्य के निधन से राज्य भर में शोक का माहौल है। शनिवार को सुदिव्य सोनू गिरिडीह में ही अपने घर पर थे। मंत्री अपने पीछे दो बेटी एक बेटा समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सुदिव्य सोनू की मौत की खबर मिलने के बाद गिरिडीह शहर में मातम पसरा है। झामुमो कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। सैकड़ों कार्यकर्ता उनके घर पर पहुंचे हुए हैं। सूचना है कि राज्य के मुख्यमंत्री, सभी मंत्री और विधायक गिरिडीह पहुंचने वाले हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कार्यालय ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ का आकस्मिक निधन हो गया। शोक के इस कठिन समय में पार्टी के सभी स्तर के नेता एवं कार्यकर्त्ता मर्माहत एवं शोक संतप्त हैं। उन्होंने पार्टी के सभी जिला अध्यक्ष, जिला सचिव, जिला संयोजक प्रमुख, महानगर अध्यक्ष एवं महानगर संयोजक को निर्देश दिया है की आगामी राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालय पर होने वाले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन को अगले आदेश तक के लिए स्थगित किया जाता है।
मंत्री के निधन पर जिला कांग्रेस ने जताया शोक: झारखंड सरकार के नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति तथा खेलकूद मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन पर खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने शोक संदेश जारी कर उनके निधन को झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया। रवि मिश्रा ने कहा कि शनिवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उनके निधन से पूरा झारखंड और राजनीतिक जगत शोक में डूब गया है। उन्होंने कहा कि सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्पित एवं निष्ठावान नेता होने के साथ गठबंधन सरकार के कुशल, बौद्धिक, दूरदर्शी और संवेदनशील राजनेता थे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छात्र हितों, युवाओं के अधिकारों, शहरी विकास और राज्य के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान और संघर्ष को हमेशा याद किया जाएगा। गठबंधन सरकार के एक मजबूत स्तंभ के रूप में उनका असमय निधन राज्य और गठबंधन के लिए बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सदस्यों ने शोक संतप्त परिवार, समर्थकों एवं झामुमो परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस कठिन घड़ी में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मंत्री के निधन पर विधायक ने जताया गहरा शोक: पर्यटन, कला-संस्कृति एवं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मंत्री के निधन को झारखंड के सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। विधायक गुड़िया ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू संवेदनशील, कर्मठ और जनसमर्पित जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने सदैव जनहित को प्राथमिकता देते हुए समाज और राज्य के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया। उनका सहज और मिलनसार व्यक्तित्व लोगों के बीच हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक युवा और समर्पित जनप्रतिनिधि का असमय निधन बेहद पीड़ादायक है। उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई कर पाना कठिन है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और उनके साथ बिताए पल हमेशा स्मरणीय रहेंगे। विधायक ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। विधायक सुदीप गुड़िया ने दिवंगत मंत्री को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
