ASHOK
रांची: राजधानी रांची के महत्वपूर्ण जल स्रोतों में शामिल कांके डैम के संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण को लेकर रांची नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विगत दिनों नगर आयुक्त महोदय द्वारा वार्ड संख्या-01 स्थित कांके डैम क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किए जाने के उपरांत दिए गए निर्देशों के आलोक में निगम की विभिन्न शाखाओं द्वारा समन्वित रूप से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में स्वच्छता शाखा एवं ट्रांसपोर्ट शाखा की संयुक्त टीम द्वारा कांके डैम में जमे जलकुंभी, गाद एवं अन्य अवांछित पदार्थों को हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत डैम में पोकलेन मशीन एवं वीड हार्वेस्टिंग मशीन को उतारा गया है। इन अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से जलाशय में फैली जलकुंभी को हटाने तथा तल में जमा गाद की सफाई का कार्य किया जा रहा है। इससे न केवल जलाशय की स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि इसकी जलधारण क्षमता को भी संरक्षित एवं सुदृढ़ किया जा सकेगा।
साथ ही, डैम के तटवर्ती क्षेत्रों में उगी झाड़ियों एवं अनियंत्रित घासों की व्यापक कटाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र की साफ-सफाई बेहतर होने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। अभियंत्रण शाखा द्वारा भी कांके डैम के संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। पोकलेन मशीन के माध्यम से निकाले गए गाद का उपयोग कैचमेंट एरिया में अस्थायी पाथ-वे (पैदल मार्ग) निर्माण हेतु किया जा रहा है। इस पहल से डैम क्षेत्र में आने वाले नागरिकों के लिए एंड-टू-एंड एक्सेसिबिलिटी सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, डैम में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की पहचान कर उनके निराकरण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है। अभियंत्रण शाखा द्वारा तत्काल समाधान के रूप में ड्रेनों के पानी को आसपास स्थित निर्मित किंतु वर्तमान में नॉन-फंक्शनल अस्थायी तालाबों की ओर डायवर्ट करने का कार्य किया जा रहा है। इस व्यवस्था का उद्देश्य कांके डैम में ड्रेनों के पानी के प्रत्यक्ष प्रवाह को रोकना तथा जलाशय में प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करना है। भविष्य में स्थायी एवं दीर्घकालिक समाधान के लिए भी आवश्यक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
रांची नगर निगम का उद्देश्य कांके डैम को एक स्वच्छ, संरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त जलाशय के रूप में विकसित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस महत्वपूर्ण जल स्रोत को सुरक्षित रखा जा सके। निगम द्वारा जलाशयों के संरक्षण को लेकर निरंतर निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। रांची नगर निगम सभी सम्मानित नागरिकों से अपील करता है कि किसी भी प्रकार का ठोस अपशिष्ट, प्लास्टिक, निर्माण मलबा अथवा तरल अपशिष्ट जलाशयों, नालों एवं जल स्रोतों में प्रवाहित न करें। साथ ही, जलाशय क्षेत्र में अतिक्रमण से बचें तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। नागरिकों के सहयोग से ही कांके डैम सहित शहर के अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं जीवंत बनाए रखा जा सकता है।
