‘किंग’ में दिखेगा शाहरुख का रोमांटिक अंदाज, जन्मदिन पर गाना रिलीज

Entertainment

Eksandeshlive Desk

मुंबई: बालीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने 61वें जन्मदिन पर प्रशंसकों को खास तोहफा दिया है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का पहला रोमांटिक गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज कर दिया गया है। इस गाने में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण नजर आ रही हैं। वीडियो की शुरुआत शाहरुख के संवाद से होती है, जिसमें वह कहते हैं, “मैं कातिल नहीं आशिक हूं, और निशाना मेरी माशूका।” इसके बाद दीपिका की एंट्री होती है और दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिलती है। गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर प्रशंसकों की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। ‘तू मिल जाए’ को अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है, जबकि अंतरराष्ट्रीय गायक एड शीरन ने भी इसमें अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। गाने का संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है और इसके बोल कुमार ने लिखे हैं। रोमांटिक धुन के साथ फिल्म के वीडियो में शाहरुख का एक्शन अवतार भी देखने को मिलता है। इस तरह गाने में रोमांस और एक्शन का दिलचस्प मेल पेश किया गया है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी ‘किंग’ को लेकर पहले से ही दर्शकों में काफी उत्सुकता है। फिल्म में शाहरुख और दीपिका के अलावा अभिषेक बच्चन और सुहाना खान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। शाहरुख और दीपिका की जोड़ी इससे पहले भी कई फिल्मों में दर्शकों का मनोरंजन कर चुकी है। अब ‘तू मिल जाए’ के जरिए दोनों की जोड़ी एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म आगामी 24 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

किंग खान के जन्मदिन पर प्रशंसकों का जमावड़ा, ‘मन्नत’ के बाहर कड़ी सुरक्षा: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर उनके बांद्रा स्थित आवास ‘मन्नत’ के बाहर प्रशंसकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रशंसक अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए पहुंचने लगे। भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने के साथ बैरिकेडिंग की गई और वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच भी की गई। पुलिस अधिकारी लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। शाहरुख खान का जन्मदिन हर साल उनके प्रशंसकों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होता। इस खास मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रशंसक ‘मन्नत’ के बाहर पहुंचते हैं और अभिनेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं। शाहरुख भी अक्सर घर की बालकनी या बाहर आकर प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं और उनके प्यार के लिए आभार जताते हैं। इस बार भी प्रशंसकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। इस बीच शाहरुख की आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर भी चर्चा तेज है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसका निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है। फिल्म के अंतरराष्ट्रीय वितरण को लेकर रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा कि फर्स फिल्म के विदेशी वितरण की जिम्मेदारी संभालेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी की वैश्विक पहुंच और बाजार की समझ से फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

Spread the love