कम आमदनी और घटते ऑर्डर से परेशान ब्लिंकिट डिलीवरी वर्करों ने जताई नाराजगी

Business

बिरसानगर के गुड़िया मैदान में जुटे 60 से 70 कर्मचारी, भुगतान दर बढ़ाने के साथ बीमा, सुरक्षा कार्ड और लिखित दस्तावेज देने की मांग

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: जमशेदपुर में ब्लिंकिट के डिलीवरी वर्करों ने कम आमदनी, घटते ऑर्डर और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर कंपनी के प्रति नाराजगी जताई है। सोमवार को बिरसानगर के गुड़िया मैदान में करीब 60 से 70 डिलीवरी कर्मचारी एकत्र हुए और अपनी समस्याएं रखते हुए भुगतान दर बढ़ाने तथा जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि घंटों काम करने और जोखिम उठाकर सामान पहुंचाने के बावजूद उनकी कमाई इतनी नहीं हो पा रही है कि परिवार का खर्च आसानी से चला सकें। डिलीवरी कर्मचारी जॉनी मशीह ने कहा कि युवाओं को उनकी मेहनत के अनुरूप भुगतान नहीं मिल रहा है। कई कर्मचारी लंबे समय से इस काम में लगे हैं, लेकिन उनकी आमदनी में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को पर्याप्त बीमा, सुरक्षा कार्ड और नौकरी से संबंधित लिखित दस्तावेज जैसी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। इसके बावजूद उन्हें लंबे समय तक काम करना पड़ता है और सड़क दुर्घटनाओं समेत कई तरह के जोखिम उठाने पड़ते हैं।

डिलीवरी वर्करों के अनुसार, ऑर्डर की संख्या में कमी और भुगतान दर घटने से उनकी आर्थिक परेशानी बढ़ गई है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्करों की संख्या बढ़ने के कारण पुराने कर्मचारियों को भी पर्याप्त ऑर्डर नहीं मिल पा रहे हैं। पहले जहां एक घंटे में 80 से 90 रुपये तक की कमाई हो जाती थी, वहीं अब कई बार यह घटकर 40 से 50 रुपये प्रति घंटे रह जाती है। ऑर्डर के इंतजार में काफी समय बिताने के बावजूद अपेक्षित कमाई नहीं हो पाती है। कर्मचारियों ने कहा कि रोजगार से जुड़े होने के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी हो गई है कि घर का खर्च चलाना और अपनी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से भुगतान दर में सुधार करने, काम के अनुरूप उचित मेहनताना देने तथा बीमा और सुरक्षा संबंधी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की। डिलीवरी वर्करों का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाता है और काम के अनुरूप भुगतान व जरूरी सुविधाएं मिलती हैं, तो वे पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ काम जारी रखने को तैयार हैं।

Spread the love