News By Sunil
रांची: लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में आग लगने से 15 छात्रों की हुई दर्दनाक मौत के बाद झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने राज्य के सभी कोचिंग संस्थानों एवं निजी शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और विद्यार्थियों की सुरक्षा से संबंधित मानकों को अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने झारखंड सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री को ई-मेल के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन प्रेषित किया है। अजय राय ने कहा कि लखनऊ की घटना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है, जिसने देशभर के कोचिंग संस्थानों और शिक्षण परिसरों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर समीक्षा की आवश्यकता को सामने ला दिया है। उन्होंने दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। ज्ञापन में राज्य के सभी कोचिंग संस्थानों, स्कूलों एवं निजी शिक्षण परिसरों के लिए फायर सेफ्टी एनओसी का वार्षिक नवीनीकरण, फायर एक्सटिंग्विशर, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म एवं स्प्रिंकलर सिस्टम की व्यवस्था, दो आपातकालीन निकास द्वार, नियमित फायर ड्रिल एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, सीसीटीवी कैमरे एवं सुरक्षा गार्ड की तैनाती, भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा प्रमाणपत्र तथा क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने पर रोक लगाने की मांग की गई है। इसके अलावा बिना अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र एवं आवश्यक अनुमतियों के संचालित संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, सभी कोचिंग संस्थानों का नियमित संयुक्त निरीक्षण कराने, प्राथमिक उपचार एवं आपातकालीन चिकित्सा समन्वय की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए शिकायत एवं हेल्पलाइन प्रणाली विकसित करने का भी आग्रह किया गया है।
अजय राय ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा किसी भी परिस्थिति में समझौते का विषय नहीं हो सकती। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन का मानना है कि राज्य के लाखों अभिभावकों की चिंता को देखते हुए सरकार को इस दिशा में तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, झारखंड सरकार, अपर मुख्य सचिव (स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग), महानिदेशक अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा राज्य के सभी उपायुक्तों को भी प्रेषित की गई है।
