Eksandeshlive Desk
लातेहार: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कोमर गांव के पास रविवार की देर रात लगभग 2 बजे करंट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन कर रही है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात जंगली हाथियों का झुंड गांव में आया था।
बताया जाता है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने खेतों में लगी फसलों की सुरक्षा के लिए बिजली के तार लगाकर छोड़ दिए थे। जंगली हाथियों का झुंड इसी खेत में आ गया, जिससे करंट की चपेट में आने से एक हाथी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएफओ प्रवेश अग्रवाल के निर्देश पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। रेंज फॉरेस्ट अधिकारी नंदकुमार महतो ने बताया कि हाथी की मौत की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन कर रही है। मेडिकल टीम का गठन कर हाथी का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया भी आरंभ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा।
