क्षेत्रीय संकटों को हल करने की कोशिश : पाकिस्तान के गृहमंत्री पहुंचे ईरान, आसिम मुनीर का ‘संदेश’ भिजवाएंगे सर्वोच्च नेता खामेनेई तक

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

तेहरान : पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे हैं। उन्होंने शनिवार देररात ईरान के अपने समकक्ष एस्कंदर मोमेनी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर ईरान आए हैं ताकि इस्लामिक क्रांति के नेता अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई तक एक संदेश पहुंचा सकें। यह संदेश पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भिजवाया है। ईरान की इरना न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, गृहमंत्री नकवी ने दो माह पहले अप्रैल में पाकिस्तान के सेना प्रमुख के साथ आधिकारिक दौरे पर तेहरान की यात्रा की थी। इसके बाद उन्होंने मई के आखिर और जून की शुरुआत में ईरान की दो और आधिकारिक यात्राएं कीं। तेहरान में शनिवार आधी रात पाकिस्तान के गृहमंत्री के साथ बैठक के आखिर में एस्कंदर मोमेनी ने कहा कि पाकिस्तान बड़ा देश है और हमारी धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत और कई बातें एक जैसी हैं। पाकिस्तान हमारा दोस्त, भाई और पड़ोसी है।

इरना का आकलन है कि नकवी के आधिकारिक दौरे का मकसद ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद की मध्यस्थता की कोशिशों के तहत ईरानी अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बातचीत करना भी हो सकता है। नकवी की ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अरागची सहित अन्य ईरानी अधिकारियों के साथ मुलाकात तय है। तेहरान रवाना होने से पहले नकवी ने इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। शरीफ ने उन्हें तेहरान और वाशिंगटन के बीच चल रही बातचीत के बारे में कुछ अहम निर्देश दिए। पिछले 48 घंटों में नकवी ने किर्गिस्तान में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान ईरान के गृहमंत्री एस्कंदर मोमेनी के साथ दो बार बातचीत की है। गृहमंत्री नकवी ने उम्मीद जताई कि कूटनीति के जरिए क्षेत्रीय संकटों को हल किया जा सकता है। नकवी ने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक महत्वपूर्ण संदेश है।” नकवी का बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई कह चुके हैं कि दोनों पक्ष संघर्ष को खत्म करने पर केंद्रित एक समझौता ज्ञापन का मसौदा तैयार करने के अंतिम चरण में हैं।

Spread the love