Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने दिल्ली में मणिपुर के प्रख्यात संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की कथित पिटाई के बाद हुई मौत पर दुख जताया है। कांग्रेस नेताओं ने मामले की त्वरित जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि भीड़ द्वारा चोंगथम विक्रम सिंह की निर्मम हत्या भाजपा शासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति से जुड़ी एक और गंभीर घटना है। उन्होंने कहा कि छात्र सुरक्षित नहीं हैं, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हो रहे हैं और पूर्वोत्तर के लोगों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आ रही हैं। खरगे ने दिल्ली में अपराध की स्थिति को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि चोंगथम विक्रम सिंह अपने घर के बाहर कुछ लोगों से शोर कम करने के लिए कहने गए थे, लेकिन उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि इस घटना से दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर के परिवारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। राहुल ने मामले की त्वरित जांच और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की। पवन खेड़ा ने कहा कि पहली नजर में यह शराब के नशे में हुई हिंसा की अलग घटना लग सकती है, लेकिन इसके पीछे व्यापक सामाजिक और प्रशासनिक विफलता भी दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से नियमों की अनदेखी, सार्वजनिक अव्यवस्था और कानून के असमान अनुपालन को सामान्य बना दिया गया है, जिससे दंड से बच निकलने की संस्कृति विकसित हुई है।
दिल्ली में एक संगीतकार की हत्या पर राजनीति नहीं होनी चाहिए: किरेन रिजिजू
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में हाल ही में एक संगीतकार की कथित हत्या के मामले में केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर पलटवार करते हुए में कहा कि इस दुखद घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए बल्कि पूरा ध्यान त्वरित और सख्त कार्रवाई पर होना चाहिए। रिजिजू ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “वे भी भारतीय हैं। पूर्वोत्तर के लोग भी भारतीय हैं। यह राजनीति करने का मामला नहीं है बल्कि सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।” उन्होंने बताया कि ढाबे के कर्मचारियों और खाना पहुंचाने वाले डिलीवरी बॉय के बीच देर रात किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। रात के समय अचानक हुए इस झगड़े का किसी को पता नहीं चल सका लेकिन मृतक के बेटे द्वारा पीसीआर कॉल किए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाई। मंत्री ने बताया कि संदिग्धों के मौके से भागने के बावजूद दिल्ली पुलिस ने उन्हें बहुत कम समय में गिरफ्तार कर लिया है। जब उन्होंने पुलिस से चार्जशीट दाखिल करने को लेकर सवाल किया, तो उन्हें बताया गया कि घटना के आठ से नौ दिनों के भीतर ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा मिल सके। राहुल गांधी द्वारा इस घटना को लेकर सरकार को घेरने पर आपत्ति जताते हुए रिजिजू ने सवाल किया कि ऐसी दुखद घटनाओं में भारतीय जनता पार्टी को क्यों घसीटा जाता है। उन्होंने कहा कि जब किसी की मौत जैसी दुखद घटना होती है तो नेताओं का ध्यान राजनीति करने के बजाय त्वरित न्याय सुनिश्चित करने पर होना चाहिए। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पूर्वोत्तर के नागरिकों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर पूरी तरह गंभीर है। दिल्ली पुलिस के अंतर्गत विशेष रूप से कार्य कर रहा ‘नॉर्थ-ईस्ट स्पेशल पुलिस सेल’ लगातार ऐसे मामलों पर नजर रखता है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। पहले की तुलना में अब स्थिति बदली है और एक मजबूत प्रणाली बनाई गई है, जिससे दिल्ली में पूर्वोत्तर के लोगों से जुड़ी किसी भी घटना पर पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है। रिजिजू ने मणिपुरी संगीतकार सी विक्रम सिंह के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें न्याय का भरोसा दिया और कहा कि दोषियों को ऐसी सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि समाज में यह संदेश जाए कि ऐसी हिंसक घटनाओं को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में रविवार देर रात शोर-शराबे और हुड़दंग का विरोध करने के मामले में मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह की कथित तौर पर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने ढाबे के कर्मियों और डिलीवरी बॉयज सहित सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
