Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम: गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा के गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नवनिर्मित आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा ने प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, सदर चाईबासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिमा के अनावरण के बाद मंत्री दीपक बिरुवा समेत उपस्थित लोगों ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा और सामाजिक समरसता के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति को याद किया।
मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि महात्मा गांधी स्वच्छता को स्वस्थ और मजबूत समाज की आधारशिला मानते थे। स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान सृष्टि चाईबासा की ओर से प्रकाश कुमार गुप्ता द्वारा लिखित एवं निर्देशित नुक्कड़ नाटक ‘अपनी सुरक्षा अपने हाथ’ का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता और सुरक्षित जीवन के महत्व का संदेश दिया गया। वहीं स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल, डिजिटल घड़ी समेत अन्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को अपने विद्यालय, घर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर चाईबासा नगर परिषद के सफाई कर्मियों के बीच सुरक्षा किट का वितरण भी किया गया। शहर को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ लेकर घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। गांधी जयंती के कार्यक्रम की शुरुआत श्रमदान से हुई। नगर परिषद कार्यालय चाईबासा से शुरू हुआ सफाई अभियान सेंट्रल बैंक, जेल रोड और बस स्टैंड रोड होते हुए गांधी मैदान तक पहुंचा। अभियान में नगर परिषद के सफाई कर्मियों के साथ सीआरपीएफ की 174वीं बटालियन के जवानों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, वार्ड पार्षदों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
