By Mustaffa
मेसरा (रांची): शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने हेतु ओरमांझी स्थित एसबी इंटर कॉलेज मनातू में गुरूवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जैक बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में कॉलेज की मेधावी छात्रा निशा यादव को प्रथम स्थान (87.80%) प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके साथ ही भवानी कुमारी (87.40%) और रिया परवीन (86.80%) को क्रमश द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। कॉलेज के टॉप-10 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक लाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्राचार्य संजय कुमार ,वीरेंद्र कुमार महतो,दीपक बेदिया,अर्चना केरकेट्टा और हरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज के प्राचार्य संजय कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता बच्चों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहाँ के छात्र आगे चलकर देश और राज्य की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। सम्मान समारोह के दौरान महावीर यादव,अंजू देवी,शक्ति सिंह,फिरोज खान,रामकिशोर महतो,नकुल प्रसाद,राजेश करमाली एवं क्षेत्र के कई अन्य प्रमुख व्यक्ति और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मिठाइयां बांटी गईं।
