By Mustaffa
चोरी की 5 बकरियां और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी बरामद
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। मेसरा निवासी पीड़ित नागेंद्र महतो द्वारा बकरी चोरी का आवेदन दिए जाने के तुरंत बाद,पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर कार सवार तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,घटना बीते 16 जून 2026 की है। अज्ञात चोरों ने एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मेसरा ओपी क्षेत्र से बकरियों की चोरी की थी। अपराधियों ने सोचा था कि वे कार के जरिए पुलिस की आंखों में धूल झोंककर आसानी से भाग निकलेंगे,लेकिन थाना प्रभारी अजय कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस की पैनी नजरों और सटीक रणनीति के आगे चोरों की एक न चली। थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और अपने सूचना तंत्र को सक्रिय किया। आवेदन मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर,मिली एक सटीक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और 24 घंटे पूरा होने से पहले ही तीनों आरोपियों को धर-दबोचा। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई 5 बकरियां और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट कार (पंजीकरण संख्या जेएच 01 एके 7671) को फर्जी नंबर प्लेट के साथ जप्त कर लिया है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार किए अभियुक्तों में,मोहम्मद फैजान अली (19 वर्ष),पिता जमाल कुरैशी,निवासी कुरैशी मुहल्ला,काँटाटोली,थाना लोअर बाजार व असलम अंसारी (45 वर्ष),पिता मोहम्मद याकूब अंसारी,निवासी गुदड़ीचौक,थाना लोअर बाजार (वर्तमान पता हाजी चौक,थाना रातू),और जाफर उर्फ गुड्डू कुरेशी (24 वर्ष),पिता इस्लाम कुरैशी,निवासी कुरैशी मुहल्ला,काँटाटोली,थाना- लोअर बाजार (रांची) शामिल हैं। वहीं,मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि तीनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में उपस्थापन (पेशी) हेतु भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अमन-चैन बिगाड़ने वाले और चोरी-छिपे अपराध को अंजाम देने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रखेगी। चोरी की वारदात के तुरंत बाद,बिना समय गंवाए चोरों को दबोचने और शत-प्रतिशत माल बरामद करने की इस सुपरफास्ट कार्रवाई से स्थानीय पशुपालकों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्र की जनता थाना प्रभारी अजय कुमार दास और उनकी टीम की कार्यशैली की जमकर सराहना कर रही है।
