महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के इस्तीफे की खबरें निराधार : प्रदेश कांग्रेस

Politics

Eksandeshliv Desk

मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हार के बाद राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले के इस्तीफे की खबरों का कांग्रेस प्रवक्ता ने खंडन किया है। उन्होंने मीडिया में चल रही खबरों को निराधार बताया। वहीं शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत ने सोमवार को बताया कि विधानसभा चुनाव में मिली पराजय के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है।

नाना पटोले सोमवार को विधानसभा चुनाव की रिपोर्ट सौंपेंगे

जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले सोमवार को दिल्ली में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मिलकर महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव की पूरी रिपोर्ट सौंपने वाले हैं। इसी पर उनके पद से इस्तीफे की चर्चाएं होने लगीं। इस पर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने नाना पटोले के पद से हटने की अफवाहों का खंडन किया है और कहा कि मीडिया में चल रही खबरें निराधार हैं।

कांग्रेस पार्टी 102 सीटों पर लड़कर सिर्फ 16 सीटें जीत सकी

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पटोले के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा था। महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस पार्टी 102 सीटों पर चुनाव लड़ी थी, इनमें से कांग्रेस पार्टी को सिर्फ 16 सीटें मिल सकी हैं। हालांकि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 48 सीटों में 13 सीटें मिली थीं, जबकि उस समय कांग्रेस ने 17 लोकसभा की सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपानीत एनडीए गठबंधन ने 288 में से 230 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की है। गठबंधन में भाजपा 132 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, उसके बाद शिवसेना 57 सीटों के साथ दूसरे और एनसीपी 41 सीटों पर रही। चौथे क्रमांक पर शिवसेना यूबीटी 20 सीटें जीत कर रही और कांग्रेस पार्टी 16 सीटें जीतकर राज्य में पांचवें स्थान पर रही।

Spread the love