मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

360° Ek Sandesh Live

By Ashok Anant

चतरा: सदर थाना क्षेत्र के लोवागड़ा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष कुमार (पिता- विजय दांगी) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मनीष कुमार अपने खेत में भराई कार्य के लिए मिट्टी से लदा ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का इंजन अनियंत्रित होकर आगे की ओर उठ गया और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में मनीष को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि मनीष मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था, जिसकी अचानक मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर घटना की जानकारी मिलने पर चतरा विधायक जनार्दन पासवान मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान समाजसेवी उदय वर्मा, भवानी राय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Spread the love