मानव तस्करी, साइबर ठगी, डायन प्रथा, नशा और सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जागरूकता अभियान
AMIT RANJAN
सिमडेगा: पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कम्यूनिटी पुलिसिंग ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ के तहत जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 17 से 24 सितंबर तक चले अभियान में ग्राम सभाओं, विद्यालयों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से लोगों को विभिन्न सामाजिक एवं विधिक विषयों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान मानव तस्करी, महिला एवं बाल सुरक्षा, डायन प्रथा, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सड़क सुरक्षा, सर्पदंश से बचाव और नशे के दुष्परिणाम को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। ग्रामीणों से अंधविश्वास एवं अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। साइबर ठगी की स्थिति में 1930 पर शिकायत करने तथा आपात स्थिति में 112 पर सूचना देने की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपराध, मानव तस्करी, महिला एवं बाल उत्पीड़न, साइबर ठगी एवं सामाजिक कुप्रथाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
