लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन से लेकर अपराध नियंत्रण तक, एसपी ने कसी पुलिस की कमर

Crime Ek Sandesh Live

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में रात्रि गश्ती, वाहन जांच, तकनीकी साक्ष्य और जनसुरक्षा पर विशेष जोर

AMIT RANJAN

सिमडेगा: जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित कांडों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के साथ अपराध की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने 60 एवं 90 दिनों के भीतर कांडों के निष्पादन, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग, नियमित गश्ती, रात्रि चेकिंग तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच पर विशेष जोर दिया। वहीं ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में चोरी एवं अन्य अपराधों पर नियंत्रण, स्थायी वारंटों के निष्पादन, लंबित केस डायरी को सीपीएमएस पर अपलोड करने, जब्त एवं लावारिस वाहनों के समयबद्ध निष्पादन, पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन तथा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की e-DAR में शत-प्रतिशत प्रविष्टि पर भी चर्चा हुई। चोरी या गुम हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए CEIR पोर्टल और साक्ष्यों के लिए e-Sakshya के प्रभावी उपयोग का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान के तहत मानव तस्करी, साइबर अपराध, डायन प्रथा, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा सर्पदंश से बचाव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। आदतन अपराधियों पर निगरानी और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी बल दिया गया।

भूमि विवादों के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार अंचल कार्यालय में आयोजित भूमि विवाद निवारण शिविर में थाना एवं ओपी प्रभारियों को अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पुलिसकर्मियों की समस्याओं की समीक्षा कर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वरीय पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, सभी थाना एवं ओपी प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Spread the love