मुख्यमंत्री विजय ने मदुरै में शुरू की ‘तायमामन स्वर्ण अंगूठी योजना’, नवजातों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

मदुरै: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में ‘तायमामन स्वर्ण अंगूठी योजना’ की शुरुआत की। योजना के तहत राज्य के सरकारी अस्पतालों और सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जन्म लेने वाले बच्चों को सरकार की ओर से एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत तमिल थाई वाज़्थु के साथ हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री विजय ने नवजात बच्चों को अपने हाथों से सोने की अंगूठियां पहनाईं। कई माताओं ने अपने बच्चों को मुख्यमंत्री की गोद में देकर उनके साथ सेल्फी ली। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों को गोद में लेकर उन्हें दुलार किया और अंगूठियां पहनाईं।

सरकार ने इस योजना के लिए चालू वित्त वर्ष में 755.83 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। पहले चरण में 1.28 लाख सोने की अंगूठियां खरीदी गई हैं। योजना का पहला चरण 28 सितंबर से शुरू होकर 14 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान 22 जून 2026 से राज्य के सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। योजना के तहत अगले 40 दिनों तक प्रतिदिन दो समय अंगूठियां वितरित की जाएंगी। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक और दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक वितरण होगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन अधिकतम 50 लाभार्थियों को अंगूठी देने की व्यवस्था की गई है। इनमें सुबह 25 और दोपहर में 25 लाभार्थी शामिल होंगे। राज्य सरकार के अनुसार, 28 सितंबर के बाद जन्म लेने वाले बच्चों को संबंधित सरकारी अस्पताल में ही प्रसव के दौरान या निर्धारित प्रक्रिया के तहत ‘तायमामन स्वर्ण अंगूठी योजना’ का लाभ दिया जाएगा। योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में प्रसव को प्रोत्साहित करने, नवजात के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करने से जुड़ा है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विजय मदुरै जिले में कलेक्टर कार्यालय रोड स्थित पुनर्निर्मित गांधी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे मदुरै के प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर में 17 सितंबर को कुंभाभिषेक संपन्न हुआ था।

Spread the love