पलामू : ऑटो चालक की पत्थर से कूचकर हत्या

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के पाटन मोड़ के पास अमानत नदी से रविवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के निमिया गांव निवासी राजन मेहता के पुत्र रंजीत कुमार (30) के रूप में की गई है। शव का पोस्टमार्टम एमएमसीएच में दोपहर एक बजे किया गया। मृतक की पत्नी नीलम देवी ने आशंका जताई है कि यह हत्या जमीन विवाद में की गई। उनके ससुर राजन मेहता का पूर्वडीहा गांव के एक व्यक्ति से वर्षों से जमीनी विवाद चल रहा था, जो अक्सर उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। उसके पति की हत्या में उसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है।

मृतक की पत्नी नीलम देवी के अनुसार रंजीत शनिवार दोपहर टेंपो लेकर घर से निकला था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। देर रात तक खोजबीन के बावजूद जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो रविवार सुबह छह बजे सूचना मिली कि रंजीत का ऑटो पाटन मोड़ के पास खड़ा है और उसका शव अमानत नदी के किनारे झाड़ियों में पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने पड़वा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। अस्पताल पुलिस चौकी के एएसआई सुशीला टीयू, पुलिस जवान महेंद्र कुमार और विकास कुमार ने शव का इंक्वेस्ट कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।