पीएम के दिल्ली विश्वविद्यालय कार्यक्रम पर खरगे बोले- संवाद के बजाय हुआ राजनीतिक प्रचार

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के कार्यक्रम को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्यक्रम युवाओं, शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सार्थक संवाद का अवसर हो सकता था, लेकिन इसे राजनीतिक प्रचार में बदल दिया गया। मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर रविवार को कहा कि लोकतंत्र में सरकार की कार्यप्रणाली अपनी नाकामियों को छिपाने और सवालों को दबाने के लिए विपक्ष को नए-नए विशेषण देने की रही है। समय के साथ विपक्ष के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विशेषण बदलते रहते हैं, लेकिन सरकार की जनविरोधी नीतियों में कोई बदलाव नहीं आता।

खरगे ने प्रधानमंत्री के आउटरीच कार्यक्रमों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों की जरूरत तभी पड़ती है, जब सत्ता जनता की पहुंच से बाहर हो जाती है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान पेश किए गए रिपोर्ट कार्ड पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश का युवा भी अपना वास्तविक रिपोर्ट कार्ड लेकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के रिपोर्ट कार्ड में बढ़ती बेरोजगारी, वर्षों से लंबित सरकारी भर्तियां और लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि महंगी होती उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति के घटते अवसर और विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर बढ़ता दबाव भी युवाओं के सामने गंभीर मुद्दे हैं। खरगे ने सरकार से इन समस्याओं का ठोस समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि बयानबाजी के बजाय छात्रों और युवाओं की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

Spread the love