पलामू में 2.20 करोड़ का 443 किलो गांजा बरामद, दो सगे भाई तस्कर गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू: नशीले पदार्थों की खरीद बिक्री रोकने को लेकर पलामू पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत की गई कार्रवाई में नौडीहा बाजार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने थाना क्षेत्र के महुरांव में कार्रवाई कर 02 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य का 443 किलो गांजा बरामद किया। इस सिलसिले में दो सगे भाई तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि ट्रक, टेंपो और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। नौडीहा बाजार थाना में जिले के एसपी कपिल चौधरी ने शनिवार दोपहर तीन बजे पत्रकारों को बताया कि अवैध मादक पदार्थों के विरूद्ध आपरेशन प्रहार के तहत अभियान चलाया जा रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों और पूरे नेटवर्क के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली कि नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महुरांव में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण कर तस्करी की जा रही है। सूचना पर छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई की गई। यहां से दो सगे भाई जमशेद आलम (25) और अली राजा (19) को एक ट्रक से गांजा उतारते गिरफ्तार किया गया। बाद में तलाशी लेने पर ट्रक में नारियल पानी (डाब) के बीच छुपा कर और 16 प्लास्टिक के बोरों में 424 छोटे-छोटे पैकेट बनाकर रखे गए 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। डीडी किट से जांच करने पर इसकी पुष्टि हुई। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनसे पूछताछ में स्पष्ट हुआ है कि उनका अवैध गांजा तस्करी का नेटवर्क पलामू, बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा तक फैला हुआ है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी की दिशा में अनुसंधान किया जा रहा है। कार्रवाई टीम में छतरपुर के इंस्पेक्टर द्वारिका राम, नौडीहा बाजार के थाना प्रभारी नीरज कुमार और जवान शामिल थे।

Spread the love