SUNIL
साहिबगंज/बरहरवा: अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं अपराध सूचना शाखा, मालदा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस से भारी मात्रा में बीयर बरामद की है। टीम ने केले से भरे बोरों के बीच छिपाकर रखी गई हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर की कुल 230 कैन जब्त की। बरामद बीयर की कुल मात्रा 1,15,000 मिलीलीटर यानी 115 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 25,300 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार अपराध सूचना शाखा, मालदा के उपनिरीक्षक नंदन कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी नुपुर बरन मिड्या तथा रेलवे सुरक्षा बल, बरहरवा चौकी के निरीक्षक संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान एवं ड्यूटी प्लेटफॉर्म कर्मचारी प्रधान आरक्षी पिनाकी सरकार की संयुक्त टीम द्वारा ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस में जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान ट्रेन के दूसरे अंतिम सामान्य श्रेणी के डिब्बे संख्या ईआर-132454 के बीच के मार्ग में कुछ सामान संदिग्ध अवस्था में रखा मिला। टीम को वहां केले से भरे छह प्लास्टिक बोरे तथा ‘कश्मीर एप्पल’ लिखे दो कार्टून दिखाई दिए। संदेह के आधार पर सामान की जांच की गई तो केले के बीच छिपाकर रखे गए बीयर के कैन बरामद हुए। गिनती करने पर हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर के कुल 230 कैन मिले। प्रत्येक कैन की क्षमता 500 मिलीलीटर थी। इस प्रकार बरामद बीयर की कुल मात्रा 1,15,000 मिलीलीटर यानी 115 लीटर पाई गई। कार्रवाई के दौरान डिब्बे में मौजूद यात्रियों से बरामद सामान के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी भी यात्री ने बोरों और कार्टून पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बरामद शराब को बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर उतारकर लावारिस सामान के रूप में जब्त कर लिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने जब्त शराब को नियमानुसार सुरक्षित करते हुए इसकी सूचना उत्पाद विभाग, साहिबगंज के निरीक्षक को दे दी है। संबंधित विभाग द्वारा अब बरामद शराब के स्रोत तथा इसे ट्रेन के माध्यम से कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल एवं अपराध सूचना शाखा, मालदा की इस संयुक्त कार्रवाई से रेल मार्ग के जरिए अवैध शराब की तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ट्रेनों में संदिग्ध सामान एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
