By Sunil
रांची। कांके रोड़ स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को प्रोत्साहन विषय पर शनिवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजन किया गया। सीबीएसई के क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने किया। मौके पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चे छोटे और एकल परिवार में रह रहे हैं तथा माता -पिता दोनों ही रोजगार से जुड़े होने के कारण अपना समय बच्चों को नहीं दे पाते हैं -ऐसे में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी विद्यालय और शिक्षकों पर है। उन्होंने कहा कि भागदौड़ और सोशल मीडिया के इस दौर में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण पर सजगता वर्तमान समय की मांग है, ताकि नई पीढ़ी किसी भी हालत में दिग्भ्रमित न हो। प्रशिक्षण सत्र में रिसोर्स पर्सन काउंसेलर तनुश्री सेनगुप्ता और सीमा सिंह ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए आनेवाली चुनौतियों और उनके व्यवहारिक समाधान के विषय में विभिन्न कार्यकलापों के आधार पर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया। दोनों ही परामर्शदात्रियों ने बताया कि प्रत्येक बच्चे की अपनी आर्थिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि होती है और प्रत्येक पृष्ठभूमि की अपनी चुनौतियां भी।ऐसे में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए शिक्षकों को उनकी मनोदशा को समझना जरूरी है। किसी भी परिस्थिति में बच्चों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया की समस्याओं को देखने का नजरिया कई बार उनके समाधान में सहायक होता है। प्रशिक्षण सत्र में कैंब्रियन सहित अन्य विद्यालयों के शिक्षक -शिक्षिकाएं शामिल हुई।
