पूर्वांचल को नई रेल, जल्द शुरू होगी दिल्ली के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन : वैष्णव

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को दोहरीघाट-औंड़िहार पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि पूर्वांचल क्षेत्र को जल्द ही दिल्ली से जोड़ने वाली एक नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा भी शुरू की जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में वैष्णव ने दोहरीघाट-औंड़िहार पैसेंजर ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह नई दैनिक रेल सेवा मऊ और गाजीपुर जिलों के यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुविधा प्रदान करेगी। मंत्री ने घोषणा की कि औंड़िहार-दोहरीघाट-औंड़िहार पैसेंजर सेवा को जल्द ही वाराणसी तक विस्तारित किया जाएगा, जिससे यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नई ट्रेन सादात, जखनियां, दुल्लहपुर, मऊ, इंदारा, कोपागंज, घोसी, अमिला और मुरादपुर स्टेशनों पर रुकेगी। यह सेवा आठ डिब्बों वाली रेक के साथ संचालित होगी।

पूर्वांचल से दिल्ली के लिए बेहतर रेल संपर्क की मांग का उल्लेख करते हुए वैष्णव ने कहा कि जल्द ही एक नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जाएगी, जो छपरा, बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, गाजियाबाद होते हुए आनंद विहार तक जाएगी। रेल मंत्री ने कहा कि इंदारा-दोहरीघाट मीटर गेज लाइन का निर्माण वर्ष 1904 में हुआ था, लेकिन इसका ब्रॉड गेज में परिवर्तन वर्ष 2014 के बाद संभव हो सका। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिसंबर 2023 में इस परिवर्तित लाइन पर रेल सेवाओं का उद्घाटन किया था। वैष्णव ने कहा कि वर्ष 2014 में उत्तर प्रदेश के लिए रेलवे बजट आवंटन केवल 1,109 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर करीब 20,012 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में इस समय लगभग 1.2 लाख करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कई नई रेल लाइन, दोहरीकरण और मल्टी-लाइन कॉरिडोर परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। वाराणसी में पुराने मालवीय पुल के समानांतर एक नया पुल भी बनाया जा रहा है, जिसमें नीचे चार रेलवे लाइनें और ऊपर छह लेन का राजमार्ग होगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 157 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें से 28 स्टेशनों का कार्य पूरा हो चुका है। पूर्वांचल क्षेत्र में मऊ, गाजीपुर सिटी और दिलदारनगर स्टेशनों पर कार्य जारी है। वैष्णव ने कहा कि कोविड के बाद उत्तर प्रदेश में 58 नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं और 568 सेवाओं का विस्तार किया गया है। वर्तमान में राज्य में 40 अमृत भारत एक्सप्रेस और 32 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के बजट में उत्तर प्रदेश के लिए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की घोषणा की गई है। इसके तहत दिल्ली-आगरा यात्रा 58 मिनट, दिल्ली-लखनऊ 2 घंटे 12 मिनट, दिल्ली-वाराणसी 3 घंटे 33 मिनट, दिल्ली–अयोध्या: 2 घंटे 47 मिनट, लखनऊ–प्रयागराज 48 मिनट, लखनऊ–वाराणसी 1 घंटा 21 मिनट और लखनऊ–अयोध्या की 35 मिनट में पूरी हो सकेगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, सांसद राजीव राय तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Spread the love